चंडीगढ़ में कुमार मेडिकल स्टोर में घुसकर फायरिंग; ऑटोमेटिक पिस्टल से चलाईं 13 गोलियां, कैशियर की मौत
चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर पर शनिवार दोपहर बाइक पर आए तीन बदमाशों ने फायरिंग की। गोली ...और पढ़ें

वारदात के बाद मेडिकल स्टोर को सील कर जांच करते पुलिस अधिकारी।
HighLights
वारदात को अंजाम देकर बदमाश हो गए फरार।
शहर के सबसे ज्यादा मेडिकल स्टोर वाली मार्केट।
पुलिस ने एरिया को सील किया, नाकेबंदी की गई।
मनोज बिष्ट, चंडीगढ़। पीजीआई के पास सेक्टर-11डी की मार्केट में शनिवार दोहपर करीब ढाई बजे श्री कुमार मेडिकल में ग्राहक बनकर आए दो बदमाशों ने गोलियां मारकर कैशिशर की हत्या कर दी। दोनों बदमाशों के पास ऑटोमेटिक पिस्टल थी, जिनमें से एक ने दो सेकंड में 13 गोलियां चलाईं। इसके बाद बाहर बाइक स्टार्ट कर खड़े तीसरे साथी के साथ बैठकर फरार हो गए।
जान गंवाने वाला कैशियर 45 वर्षीय जानकी दास हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू गांव का रहने वाला था। उनकी पत्नी गांव की सरपंच हैं। चंडीगढ़ के सबसे ज्यादा मेडिकल स्टोर वाली इस मार्केट में गोलियां चलने से भगदड़ मच गई। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर नाकेबंदी की।
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर सेक्टर-11 थाना और क्राइम ब्रांच का कार्यालय भी है। इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
21 सेकंड तक दुकान में खड़े रहे बदमाश
एससीओ नंबर-14 में ग्राहक बनकर घुसे दोनों बदमाशों ने चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहन रखी थी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दोनों करीब 21 सेकेंड तक दुकान के भीतर खड़े रहे और माहौल का जायजा लेते रहे। इसके बाद काउंटर की आड़ लेकर अपने पिस्टल निकाली। कुछ ही क्षण बाद एक हमलावर ने काउंटर पर बैठे कैशियर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
हमलावर के पास आटोमैटिक पिस्टल थी। एक ने दो सेकेंड के भीतर 13 गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद दोनों आरोपित दुकान से बाहर निकलकर भाग गए। एक हमलावर लड़खड़ाया भी, लेकिन संभलकर आगे बढ़ गया। बाहर पहले से उनका तीसरा साथी मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहा था। उसने भी चेहरा ढका हुआ था और उसके पास एक पिट्ठू बैग था। इसके बाद तीनों एक बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फाॅरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गोलियों के खोल और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हत्या के पीछे रंजिश या रंगदारी, जांच जारी
पुलिस इस हत्याकांड की जांच कई पहलुओं से कर रही है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश, गैंगस्टर गतिविधियों और रंगदारी के एंगल को भी खंगाला जा रहा है। कैशियर की पत्नी के सरपंच होने की वजह से पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या के पीछे रंजिश तो नहीं है। साथ ही हाल के वर्षों में व्यापारियों और कारोबारियों से रंगदारी मांगने के मामलों को देखते हुए इस एंगल को भी गंभीरता से जांचा जा रहा है।
बोगनविले गार्डन के बाहर मिली बाइक
हत्याकांड के कुछ घंटों बाद पुलिस को सेक्टर-3 स्थित बोगनविले गार्डन के बाहर संदिग्ध बाइक बरामद हुई। जांच में पता चला कि उस पर तरनतारन का फर्जी नंबर लगाया गया था। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मोटरसाइकिल छोड़ने के बाद आरोपित किस दिशा में फरार हुए।
लगातार दूसरी बड़ी वारदात से बढ़ी चिंता
हाल के दिनों में शहर में हुई गंभीर आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सेक्टर-9 में दिनदहाड़े हुई प्रॉपर्टी डीलर की हत्या और उससे पहले सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय में हुए बम धमाके के बाद अब सेक्टर-11 में पुलिस नाके के सामने हुई यह हत्या अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस की ओर इशारा कर रही है।
