विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अरुणाचल में IAS रही पदमा ने गबन कर चंडीगढ़ में खरीदी प्रॉपर्टी, मनी लाॅन्ड्रिंग में ईडी ने की अटैच

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Tue, 17 Nov 2026 04:00 AM (IST)

ईडी ने पूर्व आईएएस अधिकारी पदमा जायसवाल के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है। चंडीगढ़ में उनके ...और पढ़ें

बर्खास्त आईएएस पदमा जायसवाल।

बर्खास्त आईएएस पदमा जायसवाल।

HighLights

  1. सेक्टर-40 स्थित बूथ अटैच, नौ लाख के म्यूचल फंड्स कुर्क।

  2. मोहाली में खरीदी गई संपत्ति भी ईडी की जांच के दायरे में।

  3. बोमडिला में डीसी रहते गबन, छह महीने पहले हुई बर्खास्त।

रवि अटवाल, चंडीगढ़। वर्ष 2003 बैच एजीएमयूटी कैडर की आईएएस अधिकारी पदमा जायसवाल के खिलाफ मनी लांड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने उनके चंडीगढ़ में सेक्टर-40 स्थित एक बूथ को अटैच कर दिया है।

इस बूथ की मार्केट वैल्यू 1.42 करोड़ रुपये है। यह बूथ उनके भाई विष्णु भानु प्रताप महतो के नाम पर है। हालांकि ईडी की जांच में सामने आया है कि सरकारी फंड में किए गए गबन की राशि से ही यह बूथ खरीदा गया था।

इसके अलावा उनके नौ लाख रुपये के म्यूचल फंड्स को भी कुर्क कर दिया गया है। पदमा मूल रूप से चंडीगढ़ की रहने वाली है और जिस वक्त उन पर गबन के आरोप लगे तब वह अरुणाचल प्रदेश में तैनात थी। उनके खिलाफ ईडी, ईटानगर ने यह कार्रवाई की है। करीब छह महीने पहले उन्हें बर्खास्त भी किया जा चुका है।

पांच साल पहले एफआईआर

पांच साल पहले सीबीआई, गुवाहाटी ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। फिर 2024 में उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। सीबीआई के बाद ईडी ने भी उनके खिलाफ मनी लांड्रिंग की जांच शुरू कर दी थी।

जांच में सामने आया कि पदमा ने बोमडिला में डिप्टी कमिश्नर रहते हुए अन्य सरकारी अधिकारियों के साथ आपराधिक साजिश रचकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया। आरोप है कि तीन सरकारी डिपाॅजिट एट काल रिसीट (डीसीआर) को धोखाधड़ी से बंद करवाकर 10 डिमांड ड्राफ्ट के जरिए कुल 28 लाख रुपये निजी व्यक्तियों के खातों में ट्रांसफर करवाए गए।

इन लेनदेन को कागजों में सरकारी कामकाज का हिस्सा दिखाया गया था जबकि यह भुगतान के लिए चंडीगढ़ में स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा में भेजे गए थे। चंडीगढ़ में खरीदा बूथईडी की जांच के अनुसार पदमा पर 28 लाख रुपये के गबन का आरोप है। इस रकम में से 19 लाख रुपये सेक्टर-40डी स्थित बूथ नंबर 274 की खरीद में इस्तेमाल किए गए।

भाई के नाम खरीदी प्रॉपर्टी

यह प्राॅपर्टी पदमा जायसवाल के भाई विष्णु भानु प्रताप महतो के नाम पर खरीदी गई थी। बैंक खातों के लेनदेन, डिमांड ड्राॅफ्ट और रजिस्टर्ड प्रापर्टी दस्तावेजों की जांच में सरकारी धन की हेराफेरी और बूथ की खरीद के बीच वित्तीय कड़ी सामने आई है। ईडी ने रजिस्टर्ड वैल्यूअर से इसकी मौजूदा कीमत 1.42 करोड़ रुपये आंकी है।

मोहाली में प्लाॅट की खरीद भी जांच के घेरे में

ईडी के मुताबिक नौ लाख रुपये तीन डिमांड ड्राफ्ट के जरिये सेक्टर-86, मोहाली में पदमा की बेटी पूजा जायसवाल के नाम पर प्लाॅट खरीदने के लिए इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई।

हालांकि, बाद में यह सौदा रद हो गया और प्लाॅट की रजिस्ट्री नहीं हुई। ऐसे में इस रकम के बराबर पदमा जायसवाल के म्यूचुअल फंड निवेश को अटैच किया गया है। ईडी उनकी अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- भ्रष्टाचार के पुराने मामले में आईएएस अधिकारी बर्खास्त, कुछ माह पहले ही दिल्ली में हुई थी तैनाती

2007 में शुरु हुआ गबन का खेल

यह मामला वर्ष 2007 का है जब पदमा जायसवाल अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी कामेंग जिले के बोमडिला शहर की डीसी थी। आरोप है कि वह अन्य कर्मचारियों को अक्सर सरकारी खाते से रकम निकालने के लिए कहती थी। इनका इस्तेमाल वह अपने निजी कामों में करती थीं और कागजों में इसे सरकारी कामकाज दिखा दिया जाता था।

वर्ष 2008 में उनके खिलाफ शिकायतें मिली ताे उन्हें सस्पेंड कर ईटानगर भेज दिया गया। वर्ष 2011 में स्थानीय पुलिस ने एडीसी की शिकायत पर लेखा अधिकारी और कैशियर के खिलाफ केस दर्ज किया।

जांच में पदमा जायसवाल का भी नाम आया। मामले की जांच विजिलेंस को सौंप दी गई और फिर 2021 में सीबीआई ने केस अपने हाथ में लिया और एफआईआर दर्ज कर ली।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।