नशा मुक्त पंजाब यात्रा पर चीमा का पलटवार, बोले- पहले मुंद्रा बंदरगाह संभालें, फिर पंजाब में यात्रा निकालें
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बीजेपी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा पर पलटवार किया है। उन्होंने गुजरात के मुंद्रा ...और पढ़ें

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा।
HighLights
चीमा ने भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा पर सवाल उठाए।
मुंद्रा पोर्ट से बरामद ड्रग्स पर भाजपा से जवाब मांगा।
पंजाब सरकार के एंटी-ड्रोन सिस्टम से ड्रग्स में कमी का दावा।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। भाजपा की ओर से शुरू की जा रही नशा मुक्त पंजाब यात्रा को लेकर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ यात्रा निकालने से पहले भाजपा को उन सवालों का जवाब देना चाहिए, जो नशे की तस्करी और सीमा पार से आने वाले ड्रग्स को लेकर उठते रहे हैं।
चीमा ने विशेष रूप से गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से ड्रग्स की बड़ी बरामदगी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा को पहले मुंद्रा पोर्ट संभालना चाहिए, फिर पंजाब में यात्रा निकालनी चाहिए।
चीमा ने आरोप लगाया कि 2007 से 2017 के अकाली-भाजपा शासन के दौरान पंजाब में 'चिट्टा' घर-घर चर्चा में आया था। उन्होंने सरकारी गाड़ियों से नशे की सप्लाई के आरोपों का भी जिक्र किया। उनका दावा है कि अकाली-भाजपा नेताओं के खिलाफ जांच शुरू करने वाले जालंधर के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारी का बाद में तबादला कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें- सुल्तानपुर लोधी से बटाला के लिए रवाना हुई श्री गुरु नानक देव की बारात, सदियों पुरानी परंपरा आज भी कायम
बार्डर और मुंद्रा पोर्ट पर भाजपा से सवाल
वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब में करीब 55 किलोमीटर का सीमा क्षेत्र केंद्र के अधीन आता है और सीमा पार से नशे की तस्करी रोकने में केंद्र की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मुंद्रा पोर्ट से करीब 3,000 किलो ड्रग्स बरामद होने का मुद्दा उठाते हुए भाजपा से सवाल किया कि इस मामले में क्या कार्रवाई हुई।
यह भी पढ़ें- राहत: पंजाब में बिजली संकट के बीच रोपड़ थर्मल प्लांट का एक यूनिट हुआ चालू, 4 में से दो अब भी बंद
एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने वाला पंजाब पहला राज्य
चीमा ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने नशे के खिलाफ 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान शुरू किया और राज्य स्तर पर एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाया। उनके अनुसार पंजाब देश का पहला राज्य है जिसने अपने स्तर पर ऐसा सिस्टम स्थापित किया है। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद पाकिस्तान से ड्रग्स की सप्लाई में करीब 80 प्रतिशत कमी आई है। पंजाब पुलिस दूसरे राज्यों में जाकर भी नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
