तीन कृषि कानून रद कराने वाले किसान संगठन अब कई गुटों में बंटे, पंजाब चुनाव से पहले सियासी दलों के लिए बने अहम
तीन कृषि कानूनों की वापसी कराने वाला किसान आंदोलन अब विभिन्न धड़ों में बंटा हुआ है, फिर भी पंजाब की राजनीति में एक निर्णायक दबाव समूह बना हुआ है।

तीन कृषि कानूनों की वापसी के लिए हुआ था आंदोलन (जागरण फाइल फोटो)
HighLights
किसान आंदोलन अब कई धड़ों में विभाजित हो चुका है
पंजाब की राजनीति में किसान निर्णायक दबाव समूह बने हुए
2027 चुनाव से पहले किसान संगठन फिर से सक्रिय हुए
रोहित कुमार, चंडीगढ़। छह साल पहले 26 नवंबर 2020 को दिल्ली कूच के आह्वान के साथ शुरू हुआ किसान आंदोलन भले ही तीन कृषि कानूनों की वापसी के बाद अपने सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल कर चुका हो, लेकिन किसान संगठनों की ताकत आज भी पंजाब की राजनीति में निर्णायक दबाव समूह के रूप में कायम है।
हालांकि, संयुक्त किसान मोर्चे की वह एकजुटता अब कमजोर पड़ चुकी है, जिसने केंद्र सरकार को अपने फैसले से पीछे हटने के लिए मजबूर किया था। अलग-अलग मांगों, राजनीतिक रुख और आंदोलन की रणनीति ने किसान संगठनों को कई धड़ों में बांट दिया है।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले किसान संगठनों की सक्रियता और राजनीतिक दलों के साथ उनके रिश्ते फिर चर्चा में हैं। शिअद-भाजपा गठबंधन के पुनर्गठन से किसान मांगों को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ी है।
किसान संगठन आठ दिसंबर को मोगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से भी उम्मीद लगाए बैठे हैं। उन्हें उम्मीद है कि केंद्र सरकार उनकी मांगों पर कोई घोषणा कर सकती है।
गठबंधन से कुछ संगठनों को उम्मीद
भारतीय किसान यूनियन (कादियां) और भाकियू (लखोवाल) ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के समर्थन का एलान किया है। कादियां गुट के अध्यक्ष हरमीत सिंह का मानना है कि गठबंधन से किसानों की मांगों को ताकत मिलेगी।
संगठन ने पानी समझौतों की समीक्षा, सहकारी क्षेत्र के कृषि ऋण माफी, सभी फसलों पर एमएसपी, फसल विविधीकरण और भूजल संरक्षण की मांग रखी है।
लखोवाल गुट भी गठबंधन को मांगों के समाधान की दिशा में सकारात्मक मान रहा है। वहीं, सुखबीर बादल ने भाकियू (राजेवाल) के अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल से समर्थन मांगा है। राजेवाल का संगठन पांच दिसंबर को बैठक कर इस संबंध में फैसला करेगा।
राजनीतिक समर्थन से दूरी, संघर्ष जारी
दूसरी ओर, भाकियू (एकता-उगराहां) किसी राजनीतिक दल के समर्थन से साफ इनकार कर रही है। संगठन का कहना है कि राजनीतिक दल किसानों के हितों के खिलाफ हैं और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
संगठन कानूनी एमएसपी, किसानों व मजदूरों की कर्ज माफी, बिजली संशोधन विधेयक और बीज विधेयक वापस लेने, श्रम संहिताएं रद्द करने तथा मनरेगा के पुराने स्वरूप को बहाल करने की मांग कर रहा है।
2024 में किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के दिल्ली कूच के दौरान शंभू और खनौरी सीमाओं पर आंदोलन शुरू हुआ। खनौरी में शुभकरण सिंह की मौत और जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन ने आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रखा। मार्च 2025 में धरने समाप्त कराए जाने के बाद भी मांगें अधूरी हैं।
किसान संगठनों के बीच समन्वय की कमी आंदोलन की सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। सितंबर 2026 में राजेवाल के नेतृत्व में 32 संगठनों ने सात दिन का धरना दिया, जबकि उगराहां गुट इसमें शामिल नहीं हुआ। विधानसभा में मांगों को लेकर प्रस्ताव लाने का आश्वासन भी पूरा नहीं हुआ।
किसान आंदोलन की ताकत कमजोर नहीं हुई है, लेकिन बिखराव ने उसकी सामूहिक सौदेबाजी की क्षमता को जरूर प्रभावित किया है। चुनाव से पहले यही एकजुटता या विभाजन किसानों की राजनीतिक भूमिका तय करेगा।
यह भी पढ़ें- पटियाला में थर्मल प्लांटों के 15 में से छह यूनिट हुए बंद, 3200 मेगावाट से ज्यादा बिजली उत्पादन ठप
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में आज शाम होगा ब्लैकआउट, 7 बजते ही सायरन बजेंगे; किसी को घबराने की जरूरत नहीं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।