Move to Jagran APP

पंजाब में Covid-19 से हड़कंप, चंडीगढ़ में एक ही दिन में 4 मरीजों की पुष्टि, राज्य में कुल 6 पॉजिटिव केस

पंजाब व चंडीगढ़ में काेरोना की दशहत बढ़ रही है। चंडीगढ़ में चार और संक्रमित मिले हैं। वहीं मोहाली में भी एक महिला में कोरोना वायरस का संक्रमण मिला है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Fri, 20 Mar 2020 10:23 AM (IST)Updated: Fri, 20 Mar 2020 06:39 PM (IST)
पंजाब में Covid-19 से हड़कंप, चंडीगढ़ में एक ही दिन में 4 मरीजों की पुष्टि, राज्य में कुल 6 पॉजिटिव केस
पंजाब में Covid-19 से हड़कंप, चंडीगढ़ में एक ही दिन में 4 मरीजों की पुष्टि, राज्य में कुल 6 पॉजिटिव केस

चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब में कोरोना वायरस COVID-19 के खतरे से दहशत लगातार बढ़ रही है। चंडीगढ़ में आज कोरोना वायरस COVOD-19 के चार मामले सामने आए। शुक्रवार को चार मरीजों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। चंडीगढ़ में 21 साल की युवती के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। अब युवती की मां, भाई और नौकरानी में भी वायरस की पुष्टि की गई है। लंदन से लौटी सेक्टर-19 निवासी एक और युवती में भी कोरोना पॉजीटिव की पुष्टि हुई है। इसके अलावा शुक्रवार को ही मोहाली की एक महिला के कोरोना वायरस के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उसे चंडीगढ़ पीजीआइ में भर्ती कराया गया है। पंजाब में कोरोना का एक पॉजिटिव मरीज अमृतसर में भर्ती है।

loksabha election banner

पीजीआइ के वायरोलॉजी डिपार्टमेंट के मुताबिक युवती के मां, भाई और नौकरानी में भी कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। ऐसे में सभी को आइसोलेशन वार्ड में रख इलाज शुरू कर दिया गया है। उधर, आज माेहाली में भी एक 69 साल की महिला के कोरोना वायरस COVID-19 से संक्रमित होने की खबर है। इसके अलावा नवांशहर में एक व्‍यक्ति के काेरोना से मौत हो जाने के बाद कपूरथला के फगवाड़ा में खांसी और जुकाम से पीडि़त एक बजुर्ग व्‍यक्ति की मौत हो गई है। राज्‍य में छह और संदिग्‍ध मरीज मिले हैं। दूसरी ओर, अटारी-वाघा बार्डर को सील कर दिया गया है और इससे आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। 

मोहाली में इंग्लैंड से लाैटी महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव,परिजनों को घर में नजरबंद कर इलाके काे किया सील

मोहाली के फेज तीन निवासी 69 वर्षीय एक महिला के कोराेना वायरस COVID-19 से सं‍क्रमित होने की पुष्टि हुई है। वह पिछले दिनों इंग्लैंड से वापस आई थी। विदेश से वापस आने के बाद से ही वह बीमार चल रही थी। महिला के परिजनों ने एक निजी लैब में जांच करवाई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद महिला की सरकारी लैब में जांच करवाई गई है।

इसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और सेक्टर-69 के समूचे क्षेत्र को सील करके सैनिटाइज करना शुरू कर दिया। पीडि़त महिला को मोहाली के फेज छह स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा उसके परिजनों को घर में नजरबंद करके उनकी भी जांच शुरू कर दी गई है।

5 मार्च को इंग्‍लैंड से लौटे फगवाड़ा के 80 वर्षीय मोहन लाल की सर्दी-खांसी से मौत

फगवाड़ा में 80 साल के मोहनलाल की सर्दी और जुकाम के कारण मौत हो गई। वह 5 मार्च को इंग्लैंड से लौटे थे। इससे सेहत विभाग में हड़कंप मच गया है। उनकी 16 मार्च से सेहत खराब चल रही थी और शुगर बढ़ी हुई थी। खांसी व जुकाम भी था। इसके बाद उनके परिवार के लोगों और करीबियों को 14 दिन लिए क्वारंटाइन किया गया है।

बुजुर्ग की मौत के बाद सेहत विभाग के अधिकारियों के अलग-अलग बयान आ रहे हैैं। सिविल अस्पताल के कार्यकारी एसएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि उनकी नियमित जांच की जा रही थी। सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में पता चलेगा।

दूसरी ओर सीएमओ डॉ. जसमीत कौर बावा ने बताया कि मोहल लाल का सैैंपल नहीं लिया गया था क्योंकि उनके इंग्लैैंड से आने के बारे में कोई सूचना नहीं थी। कपूरथला की डिप्टी कमिश्नर दीप्ति उप्पल का कहना है कि मरीज की घर पर ही मौत हुई है। वह डॉक्टर के पास चेकअप के लिए आया ही नहीं था। फिर भी सतर्कता के कारण परिजनों को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग अग्रवाल ने फगवाड़ा में बुजुर्ग की मौत कोरोना वायरस से होने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि हर मौत को कोरोना से नहीं जोड़ा जा सकता है।

छह संदिग्ध केस आए सामने

पंजाब में कोरोना वायरस के छह संदिग्ध केस सामने आए हैैं। तलवंडी संघेड़ा, शाहकोट (जालंधर) की एक महिला को एहतियातन सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है। महिला यूरोप से लौटी है और उसे खांसी व जुकाम की शिकायत है। लुधियाना के सिविल अस्पताल में वीरवार को विदेश से लौटे दो लोगों को दाखिल करवाया गया है। एक की ट्रैवल हिस्ट्री चीन की है।

दूसरा मरीज भी विदेश से लौटा था, लेकिन अभी इस बारे में पता नहीं चला है कि वह किस देश से आया है। एक एनजीओ के सदस्य ने डीसी को फोन करके सूचित किया था, जिसके बाद पुलिस इलाके में गई और उसे उठाकर सिविल अस्पताल में लेकर आई। साहनेवाल के सरकारी अस्पताल में भी विदेश की ट्रैवल हिस्ट्री वाले एक व्यक्ति को भर्ती करवाने की सूचना है। रूपनगर के एक नवविवाहित जोड़े को स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस का संदिग्ध केस मानते हुए निगरानी में रखा है। दंपती 28 फरवरी को दुबई से लौटा था।

-----

परिवार के सात लोग अस्तपाल में भर्ती, होशियारपुर का गांव मोरांवाली सील

उधर, होशियारपुर के कस्बा गढ़शंकर के साथ लगते गांव मोरांवाली के एक ही परिवार के सात लोगों को हाेशियारपुर के सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में निगरानी में रखा गया है। गांव को सील करते हुए प्रशासन ने निषेधाज्ञा लगा दी है। सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई है। इसके अलावा क्षेत्र के छह अन्य गांवों में मुनादी करवाकर लोगों को हिदायत दी है कि वे एक जगह इकट्ठा न हों। बिना काम के घर से बाहर न निकलें।

गांव मोरांवाली के हरभजन सिंह को वीरवार शाम को तेज बुखार हुआ। इसकी जानकारी सेहत विभाग को दी गई। जांच में सामने आया कि कोरोना वायरस के कारण नवांशहर जिले के गांव पठलावा के इटली से लौटे जिस पाठी बलदेव सिंह की मौत हुई थी हरभजन उसके संपर्क में था। आशंका है कि हरभजन को भी उनके संपर्क में आने के कारण संक्रमण हो सकता है। सिविल सर्जन और डीसी के संज्ञान में मामला आने के बाद शाम को ही हरभजन सिंह और परिवार के छह अन्य सदस्यों को सिविल अस्पताल होशियारपुर के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया। हरभजन का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है।

पीएचसी मोरांवाली के एसएमओ डॉ. रघुवीर सिंह का कहना है कि हरभजन सिंह और उसके परिवार के सदस्यों में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। पहले उन्हें सिविल अस्पताल गढ़शंकर लाया गया फिर होशियारपुर शिफ्ट किया गया है। गांव के सभी लोगों की घर-घर जाकर जांच की जा रही है। डीएसपी गढ़शंकर सतीश कुमार का कहना है कि मोरांवाली गांव को पूरी तरह सील किया गया है। आसपास के गांवों के लोगों को भी आने-जाने से मना किया गया है। यह कदम लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए उठाया जा रहा है।

गांवों में पसरा सन्नाटा

गांव मोरांवाली, बिंजो, अैमां जटटं, नूपरपुर जट्टां, सुन्नी व पोसी में यह सख्ती की गई है। स्पीकर के जरिये लोगों को बताया गया है कि कोई भी घर से बाहर न निकले। दो या इससे अधिक लोग कहीं इकट्ठा न हों। प्रशासन की हिदायत के बाद गांवों में सन्नाटा छा गया है।

-------------------

एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट से दुबई से लाए गए 141 यात्री

अमृतसर। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट वीरवार सायं 141 यात्रियों को लेकर श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची। कोरोना की दहशत के बीच अन्य देशों के बाद यूएई ने भी बाहर से आने वाली फ्लाइट पर रोक लगा दी है। यह यात्री दुबई में फंसे हुए थे। इन यात्रियों को छोडऩे के बाद दुबई में फंसे अन्य यात्रियों को लाने के लिए यह फ्लाइट खाली ही वापस दुबई चली गई।

टूरिस्ट वीजा पर पहुंची महिला को वापस भेजा

टूरिस्ट वीजा पर वीरवार को भारत पहुंची सिंगापुर की महिला हेम कुमारी को देर रात वापस भेज दिया गया। वह स्कूट एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या पीआर 508 के जरिए भारत पहुंची थी। उसके पास सिंगापुर का पासपोर्ट था। इस फ्लाइट में सिंगापुर से 132 भारतीय यात्री पहुंचे थे। इमीग्रेशन विभाग के अधिकारियों ने महिला को स्कूट एयरलाइंस से ही सिंगापुर भेज दिया।

------------------

पाक से लौटे 43 लोगों में नहीं मिले कोरोना के लक्षण

पाकिस्तान से बुधवार रात को लौटे 43 लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले हैैं। पाक में प्रीमियर लीग कवर करने गई डी स्पोर्ट की टीम के 29 सदस्यों को भारत लौटने के बाद मेडिकल कालेज, अमृतसर के पुनर्वास केंद्र में रखा गया है। डी स्पोर्ट चैनल डिस्कवरी एशिया पेसिफिक का इंडिया सेंट्रिक स्पोट्र्स चैनल है। इस टीम के सदस्य अलग-अलग खेलों की कवरेज करते हैं। वाघा सीमा के रास्ते आए 14 विद्यार्थियों को भी इसी केंद्र में रखा गया है। जम्मू-कश्मीर के ये विद्यार्थी पाकिस्तान में पढ़ाई करने गए थे।

डी स्पोर्ट की टीम के सदस्य 18 फरवरी को दुबई के रास्ते पाकिस्तान पहुंचे थे। बुधवार देर रात भारत सरकार की मंजूरी के बाद अटारी सीमा के रास्ते यह खिलाड़ी स्वदेश पहुंचे। इमीग्रेशन और कस्टम चेक के बाद देर रात बॉर्डर से इन सभी को पुनर्वास केंद्र में बनाए आइसोलेशन वार्ड में लाया गया। डाक्टरों की टीम ने इनकी मेडिकल जांच की। प्राथमिक जांच में इनमें से किसी भी यात्री में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले।

---------

अटारी सीमा सील, यात्रियों के आने-जाने पर रोक

अटारी (अमृतसर)। भारत सरकार के आदेश के बाद पाकिस्तान बॉर्डर पर अटारी सीमा को सील कर दिया गया है। यात्रियों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। केंद्र सरकार की नई गाइडलाइन आते ही सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों ने वतन लौटने के लिए अटारी पहुंचे पाकिस्तान के नागरिकों को रोक लिया। आदेशों के मुताबिक अब वे लोग सिर्फ विमान के द्वारा अपने वतन लौट सकते हैं। अब इस रास्ते से सिर्फ भारत या पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी या डिप्लोमेट ही आ-जा सकेंगे।

आइसीपी अटारी पहुंचे कराची के रिजवान उल हक ने बताया कि वह एक महीने के वीजा पर इलाहाबाद के मंजनपुर में गए थे। अब वे अपने वतन लौटना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अटारी सीमा के रास्ते पाकिस्तान जाने की इजाजत नहीं दी जा रही। कराची की जारा ने बताया कि वे मुंबई में तीर्थ स्थानों के दर्शन करने के लिए आईं थीं। अब उनका वीजा खत्म होने वाला है। उन्हें जाने नहीं दिया जा रहा है। कराची के ही शाकिर हकीमूद्दीन ने बताया कि दो साल पहले उसकी बाय पास सर्जरी हुई थी और पेसमेकर डाला गया था।

वह एक महीने के वीजा पर मुंबई के धार्मिक स्थलों के दर्शन करने आया था। अपने वतन लौटने के लिए अटारी पहुंचा तो उसे सीमा के बाहर ही रोक लिया गया। उसे रोजाना दवाई खानी होती है तो अब उसके पास सिर्फ दो दिनों की दवा बची है। उसने बताया कि उसके पास विमान से वतन लौटने के पैसे नहीं हैं, भारत सरकार को या फिर पाकिस्तान को उनके वतन लौटने में मदद करनी चाहिए।

वहीं दूसरी तरफ बीएसएफ के एक आला अधिकारी ने बताया कि अटारी-वाघा सीमा को अगले हुक्मों तक सील किया गया है। न तो भारत की ओर से कोई पाकिस्तान जा सकता है और न ही पाकिस्तान की ओर से कोई इधर आ सकता है।

यह भी पढ़ें: कोरोनो का खौफ: पंजाब में आधी रात से बसें ऑटो व टैक्सियों बंद, कलाइयों पर लग रही स्‍टैंप

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


यह भी पढ़ें: COVID-19 से पंजाब में पहली मौत, कैबिनेट ने लिए पांच बड़े फैसले, कल से सभी बसें-ऑटो बंद


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.