निलंबित DIG भुल्लर से जुड़े केस में ईडी की जांच तेज, पंजाब के चार और IAS अधिकारियों को कोर्ट के समन
निलंबित डीआइजी हरचरण सिंह भुल्लर के रिश्वत मामले में ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच तेज कर दी है। ईडी ने चार आईएएस अधिकारियों को समन भेजा है, जबकि अन्य अधिकारियों ने पहले ही बयान दर्ज करवाए हैं।

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ दर्ज रिश्वत मामले की जांच मनी लाॅन्ड्रिंग तक पहुंची।
HighLights
दिसंबर के पहले हफ्ते में बुलाया जाएगा।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में होगी पूछताछ।
दो आईपीएस अफसरों के बयान दर्ज।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब पुलिस के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ दर्ज रिश्वत मामले की जांच मनी लाॅन्ड्रिंग तक पहुंच गई है। ईडी ने भुल्लर और उसके बिचौलिए कृष्णु शारदा के खिलाफ मनी लाॅन्ड्रिंग मामले में जांच तेज कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक ईडी ने चार आईएएस अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन भेजे हैं। इन्हें दिसंबर के पहले हफ्ते में बुलाया जाएगा। वहीं, शुक्रवार को रोपड़ रेंज के डीआईजी स्वपन शर्मा अपने बयान दर्ज करवाने के लिए ईडी के सेक्टर-17 स्थित कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान उनसे काफी देर तक पूछताछ की गई। उनसे पहले वीरवार को फाजिल्का के एसएसपी और पूर्व हाॅकी ओलंपियन गगन अजीत सिंह भी बयान देने के लिए ईडी कार्यालय आए थे। उनसे भी कई घंटों तक पूछताछ की गई थी।
पिछले साल सीबीआई ने रिश्वत लेने के आरोप में भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा को गिरफ्तार किया था। सीबीआई के बाद ईडी ने भी उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी थी।
यह भी पढ़ें- 'IAS अफसर के जरिए ली थी 21 लाख रुपये की रिश्वत...', निलंबित DIG भुल्लर के बिचौलिए का कबूलनामा
ईडी को बिचौलिए कृष्णु के मोबाइल फोन से कुछ आईएएस-आईपीएस अफसरों के साथ चैट के बारे में पता चला था। जिसमें अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर रिश्वत के लेन-देन के सबूत हैं। ऐसे में ईडी ने पिछले हफ्ते सात अफसरों को समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था।