विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'IAS अफसर के जरिए ली थी 21 लाख रुपये की रिश्वत...', निलंबित DIG भुल्लर के बिचौलिए का कबूलनामा

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Mon, 23 Nov 2026 08:15 PM (IST)

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के करीबी कृष्णु शारदा ने ईडी के सामने कबूल किया है कि उसने एक आईएएस अधिकारी के माध्यम से काम करवाने के लिए 21 लाख रुपये लिए थे। 

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और उनका बिचौलिया कृष्णु शारदा।

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और उनका बिचौलिया कृष्णु शारदा।

HighLights

  1. ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए 15 लाख रुपये लेने की बात कबूली।

  2. सीबीआई ने 5 लाख रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।

  3. बिचौलिए कृष्णु शारदा के घर से 21 लाख रुपये कैश मिला था।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। रिश्वतकांड में निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के करीबी कृष्णु शारदा ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने स्वीकार किया है कि उसके घर से सीबीआई ने जो 21 लाख बरामद किए थे, वह उसे एक जमीन के मुआवजे का मामला निपटाने के बदले मिले थे।

उसने कबूल किया है कि रोपड़ डीसी आफिस में तैनात एक क्लर्क ने अमृतसर के रहने वाले एक शख्स की जमीन से जुड़ा कोई काम करवाना था। इस काम को पंजाब के एक आईएएस अधिकारी से करवाने के बदले कृष्णु ने यह रकम ली थी।

पिछले साल सीबीआई ने कृष्णु को भुल्लर के साथ रिश्वतकांड में गिरफ्तार किया था। सीबीआई को उसके घर से 21 लाख रुपये कैश मिला था। इसके बाद उस पर मनी लाॅन्ड्रिंग की भी जांच शुरू कर दी गई।

इस मामले में ईडी ने पिछले हफ्ते कृष्णु के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लाॅन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए)की विशेष अदालत में शिकायत दायर की थी। उस शिकायत में ईडी ने कृष्णु से हुई पूछताछ को भी शामिल किया है।

कृष्णु ने 23 सितंबर को दर्ज बयान में सरकारी अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग और विभिन्न सरकारी काम करवाने के बदले करीब 15 लाख रुपये लेने की बात भी स्वीकार की है। ईडी के अनुसार, शारदा ने अपने बयान में कई ऐसे मामलों का खुलासा किया, जिनमें उसने सरकारी अधिकारियों के माध्यम से काम करवाने के बदले पैसे लिए थे।

एक मामले में उसने सरकारी अधिकारी की ट्रांसफर करवाने के लिए पांच लाख रुपये लेने की बात मानी। इसमें से तीन लाख रुपये उसने एक बिचौलिए को दिए, जबकि दो लाख रुपये कमीशन के तौर पर अपने पास रखे।

इसके अलावा, उसने अधिकारियों की ट्रांसफर सूची की जानकारी लीक करने के बदले अलग-अलग मौकों पर करीब 50 हजार रुपये लेने की बात भी स्वीकार की।

यह भी पढ़ें- पंजाब के IAS-IPS समेत सात अधिकारियों पर ईडी का शिकंजा, निलंबित DIG भुल्लर से जुड़े केस में भेजे समन

बिचौलिए ने कहा-हाॅकी कोचिंग से होती थी 50 हजार महीना कमाई

ईडी के सामने कृष्णु ने बताया कि वह वर्ष 2018 से 2022 तक मंडी गोबिंदगढ़ नगर परिषद में काॅन्ट्रैक्ट पर फायरमैन भर्ती हुआ था। इसके बाद वर्ष 2021 से 2025 तक बच्चों को हाॅकी कोचिंग देता रहा। उसने दावा किया कि कोचिंग से उसे करीब 50 हजार रुपये मासिक आय होती थी और हाकी टूर्नामेंट में नकद पुरस्कार भी मिलते थे।

सीबीआई ने पांच लाख रुपये रिश्वत लेते किया था गिरफ्तार

कृष्णु शारदा को सीबीआई ने 16 अक्टूबर 2025 को निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के साथ गिरफ्तार किया था। आरोप है कि दोनों शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए थे।

सीबीआई ने मंडी गोबिंदगढ़ के आकाश बत्ता की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसके एक आपराधिक मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाकर उससे रिश्वत मांगी जा रही थी। ऐसे में सीबीआइ ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। भुल्लर के खिलाफ भी ईडी की जांच चल रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।