विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के IAS-IPS समेत सात अधिकारियों पर ईडी का शिकंजा, निलंबित DIG भुल्लर से जुड़े केस में भेजे समन

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Sun, 22 Nov 2026 08:26 PM (IST)

ईडी ने निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर रिश्वतकांड में पंजाब के सात आईएएस-आईपीएस अधिकारियों को समन जारी किए हैं। यह कार्रवाई भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा के खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा है।

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वतकांड में अफसरों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही।

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वतकांड में अफसरों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही।

HighLights

  1. ईडी ने भुल्लर रिश्वतकांड में जुड़े मामले में होगी पूछताछ।

  2. पांच सेवारत, दो सेवानिवृत्त अधिकारियों को समन।

  3. मनी लॉन्ड्रिंग और ट्रांसफर-पोस्टिंग उगाही की जांच जारी।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वतकांड में अब पंजाब के कई आईएएस-आईपीएस अधिकारी भी फंसते नजर आ रहे हैं। भुल्लर और उनके बिचौलिए कृष्णु शारदा के खिलाफ मनी लाॅन्ड्रिंग की भी जांच चल रही है।

इसी कड़ी में प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने पंजाब के आईएएस-आईपीएस समेत सात अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन किए हैं। इन सात अधिकारियों में पांच अभी सरकारी सेवा में हैं, जबकि दो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ईडी इन अधिकारियों से पूछताछ कर भुल्लर और उनके सहयोगी कृष्णु शारदा से उनके संबंधों की जांच करेगी।

ईडी ने पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव कुमार राहुल को सोमवार को पेश होने के लिए कहा है। फरीदकोट मंडल के कमिश्नर के स्टाफ अधिकारी आनंद सागर को 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

सामान्य प्रशासन एवं समन्वय विभाग की विशेष सचिव नीरू कत्याल गुप्ता को 26 नवंबर को ईडी के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों में फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह और लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा को भी समन जारी किए गए हैं।

गगन अजीत सिंह को 26 नवंबर और स्वपन शर्मा को 27 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सेवानिवृत्त अधिकारियों में जालंधर के पूर्व कमिश्नर गुरप्रीत सपरा और फरीदकोट, फिरोजपुर तथा जालंधर के पूर्व डिविजनल कमिश्नर अरुण शेखरी शामिल हैं। गुरप्रीत सपरा को 26 नवंबर और अरुण शेखरी को 25 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है।

सीबीआइ की एफआईआर से शुरू हुई जांच

भुल्लर के खिलाफ मनी लाॅन्ड्रिंग की जांच सीबीआइ द्वारा दर्ज दो एफआईआर के आधार पर की जा रही है। इनमें रिश्वतखोरी और आय से अधिक संपत्ति के आरोप शामिल हैं। रोपड़ रेंज के तत्कालीन डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को 16 अक्टूबर 2025 को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।

आरोप था कि एक स्क्रैप कारोबारी से मामले को निपटाने के लिए बिचौलिए के माध्यम से रिश्वत मांगी गई थी। सीबीआई ने भुल्लर के जब सेक्टर-40 स्थित घर पर छापा मारा था तो वहां से लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये कैश, ढाई किलो सोना, करोड़ाें की संपत्ति के कागजात, महंगी शराब और घड़ियां बरामद हुई थीं। इसके बाद ईडी ने उनके खिलाफ मनी लाॅन्ड्रिंग की भी जांच शुरू कर दी थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।