कनाडा में ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, छह हथियार सहित 6 करोड़ 40 लाख का नशा बरामद; पंजाब मूल के 9 आरोपी गिरफ्तार
कनाडा में एक बड़े अंतरप्रांतीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें पंजाब मूल के नौ लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
कनाडा में अंतरप्रांतीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ
पंजाब मूल के नौ आरोपी गिरफ्तार, ड्रग्स और हथियार जब्त
प्रोजेक्ट पिंक पैंथर के तहत 9.70 लाख डॉलर का नशा बरामद
रोहित कुमार, चंडीगढ़। कनाडा में नशा तस्करी के एक बड़े अंतरप्रांतीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पंजाब मूल के नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि ये सभी एक संगठित गिरोह का हिस्सा थे, जो कनाडा के अलग-अलग प्रांतों से मैनिटोबा में कोकीन, मेथामफेटामाइन, केटामाइन और डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 9.70 लाख कनाडाई डॉलर कीमत (64078200 भारतीय रुपये) के नशीले पदार्थ, छह हथियार, 800 से अधिक कारतूस और 1.26 लाख कनाडाई डॉलर की नकदी बरामद की है।
यह कार्रवाई विनिपेग पुलिस सेवा की संगठित अपराध इकाई की ओर से चलाए गए प्रोजेक्ट पिंक पैंथर के तहत की गई। पुलिस ने दिसंबर 2025 में इस मामले की जांच शुरू की थी।
जांच का केंद्र एक ऐसे संगठित अपराध गिरोह को बनाया गया था, जिस पर ओंटारियो, ब्रिटिश कोलंबिया और अल्बर्टा से मैनिटोबा में नशीले पदार्थों की तस्करी करने का संदेह था।
जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह नशीले पदार्थों की खेप एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल करता था।
इसमें निजी यात्री वाहन, कूरियर सेवाएं, डाक के जरिए भेजे जाने वाले पार्सल और व्यावसायिक विमान शामिल थे। नशीले पदार्थों को पहले विनिपेग में निर्धारित ठिकानों पर पहुंचाया जाता था। वहां इन्हें जमा करने के बाद अवैध नशा कारोबार से जुड़े अलग-अलग लोगों के माध्यम से आगे सप्लाई किया जाता था।
कुल कीमत 9.70 लाख डॉलर
26 अगस्त 2026 को विनिपेग पुलिस ने कनाडा की सीमा सेवा एजेंसी, ओंटारियो प्रांतीय पुलिस, पील क्षेत्रीय पुलिस और रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के सहयोग से विनिपेग और ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र में कई स्थानों पर छापामारी की।
इस दौरान करीब 29 किलो मेथामफेटामाइन, तीन किलो केटामाइन, एलएसडी की 1800 गोलियां और 31 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। जब्त नशीले पदार्थों की कुल कीमत करीब 9.70 लाख कनाडाई डॉलर आंकी गई है।
पुलिस ने नशीले पदार्थों के अलावा करीब 1.26 लाख कनाडाई डॉलर की नकदी, छह आग्नेयास्त्र, 800 से अधिक कारतूस और बिजली का झटका देने वाला एक हथियार भी बरामद किया। चार वाहन भी जब्त किए गए हैं। इनमें मर्सिडीज बेंज जीएलसी 300, शेवरले सिल्वराडो, शेवरले क्रूज और कैडिलैक सीटीएस शामिल हैं।
विनिपेग से छह, ओंटारियो से तीन गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नौ आरोपितों में छह विनिपेग और तीन ओंटारियो के रहने वाले हैं। विनिपेग से गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तरुणदेव सिंह (32), देविंदर सिंह (57), अमनदीप सिंह (47), मनदीप सिंह दत्ता (37), करणवीर सिंह (24) और मघनप्रीत बोपाराई (25) के रूप में हुई है। वहीं, ओंटारियो से तरनवीर संधू (37), करण जोशी (34) और मनजिंदर सिंह सग्गू (43) को गिरफ्तार किया गया है।
सभी आरोपितों के खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी, अपराध से अर्जित संपत्ति रखने और हथियारों से जुड़े विभिन्न आरोप लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब में जापानी कंपनी टोप्पन करेगी 244 करोड़ का निवेश, युवाओं को मिलेगा रोजगार; पराली का भी निकलेगा समाधान
यह भी पढ़ें- स्किन कैंसर का आसान इलाज ढूंढेगा PU, रोशनी से उपचार की तकनीक पर होगा शोध
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।