विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्किन कैंसर का आसान इलाज ढूंढेगा PU, रोशनी से उपचार की तकनीक पर होगा शोध

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:05 AM (IST)

पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के शोधकर्ता स्किन कैंसर के इलाज के लिए एक नई तकनीक पर काम कर रहे हैं। इसमें ...और पढ़ें

स्किन कैंसर के इलाज के लिए पीयू के शोधकर्ता एक नई तकनीक पर काम करेंगे।  (सांकेतिक फोटो)

स्किन कैंसर के इलाज के लिए पीयू के शोधकर्ता एक नई तकनीक पर काम करेंगे।  (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. केमिस्ट्री और बायोफिजिक्स विभाग मिलकर करेंगे शोध।

  2. विजिबल लाइट से मरीज के शरीर में सक्रिय होगी दवा।

  3. कैंसर प्रभावित त्वचा पर सीधे उपचार पहुंचाने की तैयारी।



जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। स्किन कैंसर के इलाज के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के शोधकर्ता एक नई तकनीक पर काम करेंगे। इसमें ऐसी विशेष पट्टी तैयार करने की योजना है, जिसे त्वचा के प्रभावित हिस्से पर लगाने के बाद रोशनी की मदद से सक्रिय किया जा सकेगा।

इस पट्टी में दवा का विशेष फार्मूला इस्तेमाल होगा, जो प्रकाश के संपर्क में आने पर कैंसर कोशिकाओं को निशाना बनाने में मदद कर सकता है। इस शोध के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने पीयू को 86 लाख रुपये की ग्रांट दी है।

केमिस्ट्री और बाॅयोफिजिक्स विभाग संयुक्त रूप से इस परियोजना पर काम करेंगे। इस प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत आईसीएमआर के इनोवेशन एक्स्ट्राम्यूरल ग्रांट्स-2026 कार्यक्रम में मंजूरी मिली है।

केमिस्ट्री विभाग की डाॅ. गुरप्रीत कौर परियोजना की मुख्य शोधकर्ता होंगी, जबकि बाॅयोफिजिक्स विभाग की डॉ. सिमरन प्रीत सह-शोधकर्ता के रूप में काम करेंगी। इस शोध में मेटालोसर्फैक्टेंट आधारित फार्मूला तैयार किया जाएगा।

इसके लिए फोटोडायनामिक थेरेपी तकनीक का इस्तेमाल होगा। इस तकनीक में प्रकाश के प्रति संवेदनशील तत्वों को रोशनी के संपर्क में लाकर सक्रिय किया जाता है, जिससे कैंसर कोशिकाओं पर असर डालने में मदद मिलती है।

शोधकर्ता इस फाॅर्मूले को एक विशेष मेडिकल पट्टी में शामिल करने की तैयारी कर रहे हैं। इसे विजिबल लाइट यानी सामान्य रूप से दिखाई देने वाली रोशनी की मदद से सक्रिय किया जा सकेगा।

इस तकनीक का उद्देश्य दवा को सीधे कैंसर प्रभावित त्वचा तक पहुंचाना है, ताकि आसपास के स्वस्थ हिस्सों पर इसका असर कम हो। हालांकि, अभी यह शोध का विषय है। इसके सुरक्षित और प्रभावी होने की पुष्टि के लिए आगे परीक्षण करने होंगे।

ट्यूमर माॅडल पर भी जांचेंगे असर

शोध टीम तैयार किए जाने वाले फार्मूले की कार्यप्रणाली और उसके उपचार संबंधी प्रभावों का अध्ययन करेगी। बाॅयोफिजिक्स विभाग की डाॅ. सिमरन प्रीत अपने शोध समूह की ओर से पहले विकसित किए गए ट्यूमर माडल पर इसका परीक्षण करेंगी।

इसके आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि स्किन कैंसर के उपचार में इस तकनीक की कितनी संभावनाएं हैं। शोध के नतीजों के बाद इसके प्रीक्लिनिकल परीक्षण की दिशा में आगे बढ़ने की योजना है।

डाॅ. गुरप्रीत कौर के 120 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित

परियोजना की मुख्य शोधकर्ता डाॅ. गुरप्रीत कौर को डीएसटी-इंस्पायर फैकल्टी अवॉर्ड मिल चुका है। उन्हें फिजिकल केमिस्ट्री में दो दशक से अधिक का शोध अनुभव है। उनकी विशेषज्ञता दवा पहुंचाने की नई तकनीक और नैनो संरचनाओं के विकास में है।

उनके 120 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं, जिन्हें 3100 से अधिक साइटेशन मिले हैं। उनका एच-इंडेक्स 30 है। उनके नाम कई भारतीय पेटेंट भी स्वीकृत हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।