यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Congress President Election: चंडीगढ़ कांग्रेस भवन में एचएस लक्की सहित कई नेताओं ने डाला वोट
Congress President Election राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मतदान करने के लिए प्रतिनिधियों में अभूतपूर्व उत्साह था। उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Congress President Election: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 36 प्रतिनिधियों ने आज दोपहर 12 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में मतदान किया। प्रदेश पार्टी प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधि नंदिता हुड्डा यहां अपना वोट नहीं डाल सकीं। उन्होंने कर्नाटक के जिला बेल्लारी में स्थित संगनाकल्लू में स्थापित एक मतदान शिविर में राहुल गांधी समेत 118 दूसरे भारत यात्रियों के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चंडीगढ़ के लिए नामित मतदान अधिकारी खिलाड़ी लाल बैरवा और दिल्ली से आए सहायक मतदान अधिकारी कमल कांत शर्मा ने यहीं मतदान किया। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ के अध्यक्ष नीरज कुंदन ने भी चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ अपना वोट डाला।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल आज मतदान करने वालों में सर्वप्रथम थे। उसके बाद चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की, पूर्व अध्यक्ष सुभाष चावला, पार्षद गुरबख्श रावत और गुरप्रीत गाबी समेत अन्य नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे के दोनों पोलिंग एजेंट धर्मवीर और भूपिंदर बूरा पूरी मतदान प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे। इस दौरान दूसरे उम्मीदवार शशि थरूर के पोलिंग एजेंट वहां हाजिर नहीं थे। 137 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मतदान करने के लिए प्रतिनिधियों में अभूतपूर्व उत्साह था। बता दें कि, मतों की गिनती 19 अक्टूबर को होगी और उसी दिन ही परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि, उम्मीदवार खड़गे हरियाणा, हिमाचल, पंजाब और चंडीगढ़ के मतदाताओं के साथ बैठक करने पिछले सप्ताह आए थे। इस समय चंडीगढ़ के अधिकतर नेता खड़गे के पक्ष में हैं। माना जा रहा है कि अधिकतर नेता खड़गे को मत दे सकते हैं।
