यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कांग्रेस नेता सुखपाल खेहरा ने HC से लगाई गुहार, ड्रग्स केस में मांगी जमानत पर रिहाई; गिरफ्तारी को बताया अवैध
एनडीपीएस के 2015 में दर्ज मामले में एसआईटी द्वारा गिरफ्तार किए गए सुखपाल खेहरा ने हाईकोर्ट से गुहार लगाई है। ...और पढ़ें

HighLights
- कांग्रेस नेता सुखपाल खेहरा ने HC से लगाई गुहार
- ड्रग्स केस में मांगी जमानत पर रिहाई
- गिरफ्तारी को बताया अवैध
राज्य ब्यूरो,चंडीगढ़। Sukhpal Khehra News: एनडीपीएस के 2015 में दर्ज मामले में एसआईटी द्वारा की गई गिरफ्तारी व निचली अदालत द्वारा उनकी हिरासत बढ़ाने के आदेश को खेहरा ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए चुनौती दी है। इसके साथ ही उन्हें इस मामले में जमानत पर रिहा करने की भी अपील की गई है। जस्टिस विकास बहल ने निजी कारणों से सुनवाई से इनकार करते हुए याचिका को मुख्य न्यायाधीश को रेफर कर दिया है।
खेहरा ने आप छोड़ थामा कांग्रेस का दामन
याचिका दाखिल करते हुए खेहरा ने बताया कि इस मामले में याची को विभिन्न स्तर पर राहत के बावजूद पंजाब पुलिस उनके खिलाफ कानून के खिलाफ जाकर कार्रवाई कर रही है। पहले वह आम आदमी पार्टी में थे और बाद में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया।
खेहरा ने गिरफ्तारी को बताया अवैध
खेहरा ने कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक द्वेष के कारण यह कार्रवाई की जा रही है। खेहरा ने अपनी याचिका में गिरफ्तारी को अवैध करार देते हुए इस कार्रवाई को रद्द करने की मांग की है। इसके साथ ही उनको न्यायिक हिरासत में भेजने के निचली अदालत फैसले को भी रद्द करने की मांग की है।

गुरदेव सिंह सहित नौ लोग ठहराए गए थे दोषी
मार्च 2015 में फाजिल्का के जलालाबाद में एनडीपीएस अर्ज में एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले में गुरदेव सिंह सहित नौ लोगों पर मामला दर्ज किया गया था और बाद में उन्हें नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दोषी ठहराया गया था।
यह भी पढ़ें- Gurdaspur News: मामूली रंजिश का लिया बदला, घर में घुसकर बरसा दीं ताबड़तोड़ गोलियां; एक व्यक्ति घायल
खेहरा का नाम आया था सामने
पुलिस ने उनके पास से 2 किलो हेरोइन, 24 सोने के बिस्कुट, एक देशी पिस्तौल, 1.315 बोर की पिस्तौल और दो पाकिस्तानी सिम कार्ड बरामद किए थे। बाद में पुलिस जांच के दौरान खेहरा का नाम सामने आया। 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने अतिरिक्त आरोपी के रूप में तलब किए गए खेहरा के खिलाफ ट्रायल कोर्ट की कार्रवाई पर रोक लगा दी थी।
28 सितंबर को दोबार गिरफ्तार किए गए थे खेहरा
खेहरा को 2015 के ड्रग्स मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में 2021 में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किया गया था। 2022 में उन्हें जमानत मिल गई। फरवरी 2023 में शीर्ष अदालत ने ड्रग्स मामले में खेहरा के खिलाफ समन आदेश को रद्द कर दिया। खेहरा को 28 सितंबर को पंजाब पुलिस ने उनके चंडीगढ़ स्थित आवास से गिरफ्तार किया था।