यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab: जिन लोगों ने खजाना लूटा है उनसे वसूलेंगे पाई-पाई, पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल पर जमकर बरसे CM मान
सहकारिता विभाग में नवनियुक्त 272 उम्मीदवारों को नियुक्त पत्र देने के कार्यक्रम में सीएम भगवंत मान ने पूर्व वित्त मंत्री ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल पर तंज कसते हुए कहा कि अकाली दल और कांग्रेस के शासन में खजाना खाली होने की दुहाई दी जाती थी। खजाना खाली होने की बातें कहकर राज्य में नकारात्मकता फैलाने वालों ने पहाड़ों से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक में फार्म हाउस और कोठियां बना ली। अब जवाब देने की बजाए छुपते फिर रहे है। जिन लोगों ने खजाना लूटा है उनसे पाई पाई वसूल कर खजाना भरा जाएगा।
सहकारिता विभाग के नवनियुक्त 272 उम्मीदवारों को बांटे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री चंडीगढ़ सेक्टर 35 स्थित नगर निगम भवन में सहकारिता विभाग के नवनियुक्त 272 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देने के कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। मान ने कहा कि वह नौकरियां देने में एक मिनट भी खराब नहीं करना चाहते। क्योंकि पंजाब में नौकरियां देने का सिलसिला पिछली सरकारों ने पहले ही 72 साल लेट कर दिया है। मान ने कहा कि अब रिश्वत और सिफारिशों से नौकरी लगने का दौर खत्म हो गया। अब जो भी नौकरी में आएगा वह अपनी मेहनत और ईमानदारी से आएगा। सहकारिता विभाग में 181 लड़कों और 91 लड़कियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
पटवारियों के आगे झुके नहीं: CM मान
सीएम मान ने कहा कि पटवारी खुद को खुदा समझ बैठे थे। उन्होंने कहा कि परमात्मा ने आप को इतनी बड़ी कलम दे दी तो आपको शुक्रगुजार होना चाहिए। आप के एक शब्द से जमीनों के झगड़े खत्म भी हो सकते है और बढ़ भी सकते है यहां तक की कत्ल भी हो सकते है। लेकिन पटवारी अपने आप को खुदा समझ बैठे थे। लोगों को परेशान किया जा रहा था। जहां तक की सरकार को आंखें दिखानी शुरू कर दी थी। यदि इनके वेतन भत्तों में कोई कमी हो तो बताएं। लेकिन सख्त फैसला लेना पड़ा और नए पटवारी भर्ती कर लिए। लेकिन पटवारियों के आगे नहीं झुके।
वोट बेचकर सरकार चुनी जाती थी तो नौकरियां बिकती थी: सीएम मान
भगवंत मान ने कहा कि अब तक 37 हजार नौकरियां दी जा चुकी है। जब वोट बेचकर सरकार चुनी जाती थी तो नौकरियां बिकती थी लेकिन अब ऐसा नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आईएएस पीसीएस की कोचिंग देने के लिए यूपीएससी कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे। इस दौरान सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।