विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मांओं के आंसुओं का हिसाब लेगी कांग्रेस...': परगट सिंह की ताजपोशी में चन्नी ने नशा तस्करों पर साधा निशाना

Published: Sun, 11 Oct 2026 02:50 PM (IST)

चरणजीत सिंह चन्नी ने परगट सिंह के पदभार ग्रहण समारोह में AAP सरकार पर हमला बोला, नशा तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई का संकल्प लिया।

चन्नी बोले नशा और गैंगस्टर मुक्त बनेगा पंजाब।

चन्नी बोले नशा और गैंगस्टर मुक्त बनेगा पंजाब।

HighLights

  1. चन्नी ने नशा तस्करों और गैंगस्टरों पर कार्रवाई का संकल्प लिया

  2. AAP सरकार पर भ्रष्टाचार और अपराध को बढ़ावा देने का आरोप

  3. कांग्रेस पीड़ित माताओं को न्याय और युवाओं को रोजगार दिलाएगी

डॉ सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान परगट सिंह के पदभार ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने पंजाब को नशा और गैंगस्टर मुक्त बनाने का संकल्प जताते हुए कहा कि राज्य के युवाओं को बचाना और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना कांग्रेस की प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि नशे के कारण अपने बच्चों को खोने वाली मांओं के दर्द को समझना होगा और उनकी लड़ाई लड़नी होगी। चन्नी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी का उन्हें चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाने के लिए आभार जताया।

उन्होंने पंजाब के प्रभारी सचिन पायलट को ऊर्जावान युवा नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की फिजा बदलने और लोगों को राहत दिलाने के लिए मिलकर काम करना होगा।

मान सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

चन्नी ने आरोप लगाया कि पंजाब में मौजूदा सरकार के दौरान रिश्वतखोरों और गैंगस्टरों को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और अपराध के मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा।

चन्नी ने कहा कि पंजाब के लोगों को ऐसी व्यवस्था चाहिए, जिसमें आम आदमी को न्याय मिले और परिवारों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता न करनी पड़े।

उन्होंने किसानों के मुद्दे पर कहा कि किसान संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिल रहा। चन्नी ने सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार, नियुक्ति पत्र और बेहतर भविष्य देने की जरूरत है।

घर-घर पहुंचेगी कांग्रेस

चन्नी ने कहा कि कांग्रेस को कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सभी वर्गों की लड़ाई लड़नी होगी। पार्टी बड़ी रैली के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेगी। उन्होंने परगट सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए।

खुद को हैंडबॉल का खिलाड़ी और परगट सिंह को हॉकी का खिलाड़ी बताते हुए चन्नी ने कहा कि दोनों जानते हैं कि टीम में किस तरह तालमेल के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और आम लोगों के हितों के लिए मिलकर संघर्ष करना होगा।

यह भी पढ़ें- पायलट ने खेला बड़ा दाव! परगट की ताजपोशी में राजा वड़िंग के काम को सराह, बोले- 4 महीने तय होगा पंजाब का भविष्य