विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी के बीच चन्नी-रंधावा ने सचिन पायलट से की मुलाकात, आलाकमान के फैसले का किया स्वागत

Published: Wed, 09 Sep 2026 05:07 PM (IST)

चरणजीत सिंह चन्नी ने सचिन पायलट से मुलाकात कर पंजाब प्रभारी बदलने के हाईकमान के फैसले को सही बताया। उन्होंने ...और पढ़ें

पंजाब प्रभारी सचिन पायलट और सुखजिंदर रंधावा की फाइल फोटो।

पंजाब प्रभारी सचिन पायलट और सुखजिंदर रंधावा की फाइल फोटो।

HighLights

  1. चन्नी और रंधावा ने नए पंजाब प्रभारी सचिन पायलट से मुलाकात की।

  2. चन्नी ने पायलट की नियुक्ति को पार्टी के लिए अच्छा फैसला बताया।

  3. कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों में एकजुट होकर सरकार बनाने का लक्ष्य रखेगी।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में चल रही गुटबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने बुधवार को पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट से मुलाकात की। उनके अलावा सांसद व पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा भी सचिन पायलट से मिले हैं।

मुलाकात के बाद चन्नी ने कांग्रेस हाईकमान की ओर से पंजाब के प्रभारी में किए गए बदलाव को सही फैसला बताते हुए कहा कि पायलट के आने से प्रदेश में कांग्रेस के लिए अच्छा माहौल बना है और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा व उत्साह पैदा हुआ है।

चन्नी ने कहा कि पंजाब के लोग सचिन पायलट को पसंद करते हैं। उनके पंजाब प्रभारी बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एक नई उम्मीद जगी है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि उम्मीद है कि पायलट आने वाले समय में पार्टी में बेहतर व्यवस्था कायम करेंगे और सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे।

यह भी पढ़ें- 'CM मान की पत्नी गुरप्रीत कौर के खिलाफ मत डाले पोस्ट', चंडीगढ़ कोर्ट का बड़ा आदेश; मजीठिया और खैरा को दी चेतावनी

पंजाब कांग्रेस को सचिन पायलट से उम्मीदें

पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही खींचतान के बीच चन्नी खेमे के कई वरिष्ठ नेता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को हटाने की मांग करते रहे हैं। इस खेमे में सुखजिंदर सिंह रंधावा, राणा गुरजीत सिंह और भारत भूषण आशु समेत कई नेता शामिल बताए जाते हैं। पार्टी में बढ़ते मतभेदों के बीच हाईकमान ने हाल ही में भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया है।

यह पूछे जाने पर कि क्या पायलट की नियुक्ति के बाद आने वाले दिनों में पंजाब कांग्रेस के सभी नेता एक मंच पर नजर आएंगे, चन्नी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व जिस तरह से फैसले ले रहा है, उससे पंजाब में अच्छा माहौल बन रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस माहौल को आगे भी कायम रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें- 12 सितंबर को कैबिनेट मंत्री के घर का घेराव करेंगे पंजाब के सरकारी कर्मचारी, पन्नू बोले- 'जारी रहेगा संघर्ष'

विधानसभा चुनाव की तैयारी पर भी दिया संकेत

आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर चन्नी ने कहा कि अब पार्टी को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट अच्छे नेता हैं और उनमें सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता है। पार्टी हाईकमान और राहुल गांधी के दिशा-निर्देशों के अनुसार कांग्रेस नेता मिलकर चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाएंगे।

चन्नी ने कहा कि कांग्रेस पूरी कोशिश करेगी कि आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने में सफल हो और पंजाब के लोगों को एक अच्छी सरकार दी जा सके। उन्होंने पायलट के साथ मुलाकात को पार्टी के लिए सकारात्मक कदम बताया और कहा कि नई लीडरशिप से कांग्रेस को निश्चित रूप से फायदा होगा।

यह भी पढ़ें- पंजाब में मकान, दुकान और इमारतें बनाने के नियम बदले, सरकार ने किए कई अहम सुधार; जानें क्या हुआ बदलाव