चंडीगढ़ से पटना और पूर्णिया के लिए आज से चलेंगी स्पेशल ट्रेन, चेक करें रूट चार्ट और टाइमिंग
चंडीगढ़ से पटना और पूर्णिया के लिए त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए आज से विशेष आरक्षित ट्रेनें शुरू हो रही हैं।

पूर्णिया और पटना जाएंगी ट्रेन (फाइल फोटो)
HighLights
चंडीगढ़ से पटना और पूर्णिया के लिए विशेष ट्रेनें शुरू
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को राहत
ट्रेन नंबर, समय, ठहराव और कोच की पूरी जानकारी
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ से पटना और पूर्णिया के लिए शनिवार से आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
दोनों दिशाओं में इन ट्रेनों का ठहराव अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर भी रहेगा। इससे बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
ये ट्रेनें चलेंगी
ट्रेन नंबर 04516 चंडीगढ़-पटना आरक्षित विशेष रेलगाड़ी 7 और 10 नवंबर को चंडीगढ़ से रात 11:35 बजे रवाना होगी। यह रात 12:20 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी और 12:30 बजे रवाना होगी।
रास्ते में सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, सुल्तानपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद अगले दिन रात 9:15 बजे पटना पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 04515 पटना-चंडीगढ़ स्पेशल 8 और 11 नवंबर को रात 11:15 बजे पटना से चलेगी। यह अगले दिन रात 8:30 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी और रात 9:40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसमें एसी थर्ड क्लास के कोच होंगे।
पूर्णिया के लिए भी मिलेगी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन नंबर 04514 चंडीगढ़-पूर्णिया विशेष रेलगाड़ी 7 और 11 नवंबर को रात 10 बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी। रात 10:45 बजे अंबाला कैंट पहुंचकर 10:50 बजे आगे चलेगी।
यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, वाराणसी, छपरा और सहरसा सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद तीसरे दिन सुबह 3:50 बजे पूर्णिया पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 04513 पूर्णिया-चंडीगढ़ स्पेशल 9 और 13 नवंबर को सुबह 6:50 बजे रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 1:40 बजे अंबाला कैंट और 2:45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसी थर्ड क्लास, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।