अकाउंटेंट अनुभव मिश्रा तक तीन बार में पहुंचे साढ़े चार करोड़ रुपये, चंडीगढ़ स्मार्टसिटी घोटाले में CBI का खुलासा
सीबीआइ की सप्लीमेंट्री चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी घोटाले में पूर्व अकाउंटेंट अनुभव मिश्रा तक साढ़े चार करोड़ रुपये की रिश्वत तीन खेपों में पहुंचाई गई। यह नकदी कूरियर और डिलीवरी करने वालों के माध्यम से पहुंची।

सीबीआई की सप्लीमेंट्री चार्जशीट में खुलासा। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
एक करोड़, 50 लाख और फिर तीन करोड़।
सीबीआई की सप्लीमेंट्री चार्जशीट में खुलासा।
डिलीवरी करने वालों के बयानों से खुला कैश नेटवर्क।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 116.84 करोड़ रुपये के स्मार्ट सिटी घोटाले में फर्जी एफडी और बैंक खातों में हेराफेरी के बाद अब करोड़ों रुपये की नकदी के लेनदेन का पर्दाफाश हुआ है। सीबीआई ने हाल ही में नगर निगम के पूर्व अकाउंटेंट अनुभव मिश्रा के खिलाफ
दाखिल की।
चार्जशीट के मुताबिक अनुभव मिश्रा के लिए तीन अलग-अलग खेपों में कुल साढ़े चार करोड़ रुपये नकद पहुंचाए गए। यह रकम सीधे अनुभव को देने के बजाय सह-आरोपी व आईडीएफसी बैंक के पूर्व रिलेशनशिप मैनेजर अभय कुमार तक पहुंचाई जाती थी।
इसके लिए अलग-अलग कूरियर और कैश डिलीवरी करने वालों का इस्तेमाल किया गया। सीबीआई ने इनके बयान और नकदी पहुंचाने से जुड़े विवरण को चार्जशीट में शामिल किया है।
जांच के मुताबिक, अगस्त-सितंबर 2025 में राहुल कुमार और अमृतपाल सिंह नाम के डिलीवरी ब्वाॅय ने सेक्टर-8 में अभय कुमार को एक करोड़ रुपये पहुंचाए। इसके बाद राहुल कुमार ने सेक्टर-35 स्थित सावन ज्वेलर्स के पास अभय कुमार को 50 लाख रुपये दिए।
तीसरी खेप जनवरी 2026 के अंत में मनीष कुमार ने अभय कुमार के आवास पर पहुंचाई। यह रकम तीन करोड़ रुपये थी। तीनों खेपों का कुल आंकड़ा 4.50 करोड़ रुपये बनता है।
सीबीआई के अनुसार, नकदी पहुंचाने वालों ने अपने बयानों में स्पष्ट किया कि यह रकम अनुभव मिश्रा के लिए थी। इस तरह जांच में बैंक खातों और फर्जी एफडीआर के अलावा नकदी के लेनदेन का एक अलग नेटवर्क भी सामने आया है।
सरकारी खजाने का रखवाला ही निकला मास्टरमाइंड
जिस अकाउंटेंट के हाथ में सरकारी कंपनी के करोड़ों रुपये के वित्तीय रिकाॅर्ड संभालने की जिम्मेदारी थी, उसी पर सरकारी खजाने में सेंध लगाने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के 116.84 करोड़ रुपये के घोटाले में सीबीआई ने नगर निगम के पूर्व अकाउंटेंट अनुभव मिश्रा के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है।
चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि किस तरह सरकारी बैंक खाते में फर्जी एफडीआर दिखाकर करोड़ों रुपये का काल्पनिक निवेश तैयार किया गया, वास्तविक बैंक बैलेंस छिपाया गया और संदिग्ध लेनदेन के बावजूद वित्तीय रिकाॅर्ड में हेराफेरी जारी रखी गई।
सीबीआई के मुताबिक, अनुभव मिश्रा इस पूरे खेल में महज एक कर्मचारी नहीं था, बल्कि वह इस पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड था।
यह भी पढ़ें- करोड़ों के घोटाले का पता चलते ही थाईलैंड भाग गया था चंडीगढ़ निगम का अकाउंटेंट अनुभव मिश्रा, कोर्ट में किया सरेंडर
पकड़े जाने के डर से भागा थाईलैंड
अनुभव मिश्रा ने अपने पद का खूब दुरुपयोग किया। उसने नयागांव, मोहाली में अपनी मां के नाम पर 85 लाख रुपये का घर भी खरीदा था। पहले तो वह सरकारी खजाने से लूट करता रहा, लेकिन जब उसे पकड़े जाने की भनक लगी तो वह थाईलैंड भाग गया। हालांकि तीन महीने पहले उसने सरेंडर कर दिया था। इससे पहले उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी हो गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।