निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ में मकानों के मालिकाना हक पर राजनीति, कांग्रेस ने उठाए सवाल; प्रशासक ने दिया करारा जवाब
चंडीगढ़ में निगम चुनाव से पहले पुनर्वास कॉलोनियों के मालिकाना हक पर राजनीति गरमा गई है। भाजपा इसे बड़ी पहल बता रही है, वहीं कांग्रेस और आप इसे अधूरा फैसला कहकर विरोध कर रही हैं, जिस पर प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने विपक्ष को करारा जवाब दिया है।

प्रशासक गुलाबचंद कटारिया बोले-जो अपने कार्यकाल में कुछ नहीं कर पाए, वे अब इस मुद्दे पर सवाल उठा रहे।
HighLights
कांग्रेस-आप ने फैसले को अधूरा बताकर भाजपा को घेरा।
विपक्ष का आरोप- महज 10 प्रतिशत लोगों को ही फायदा।
प्रशासक कटारिया ने विपक्ष के आरोपों का दिया जवाब।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ निगम चुनाव से पहले पुनर्वास कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को मकानों के मालिकाना हक के मुद्दे पर राजनीति गरमा गई है। जारी नोटिफिकेशन को लेकर भाजपा इसे बड़ी पहल बता रही है, वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) इसे अधूरा फैसला करार देकर भाजपा को घेर रही हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि इस नोटिफिकेशन से पुनर्वास कॉलोनियों के महज 10 प्रतिशत लोगों को ही फायदा होगा, जबकि करीब 90 प्रतिशत निवासी अब भी मालिकाना हक से वंचित रहेंगे। विपक्ष के इन आरोपों के बीच पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया का बयान सामने आया है।
एक कार्यक्रम के दौरान नोटिफिकेशन को अधूरा बताते हुए विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कटारिया ने कहा कि जो लोग अपने कार्यकाल में कुछ नहीं कर पाए, वे अब इस मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं।
प्रशासक ने कहा कि जो कुछ कर नहीं पाए, वे अपनी जेब में डालने के लिए इसी प्रकार के शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। नहीं से तो दो कदम आगे तो बढ़े हैं। कम से कम दो कदम सही दिशा में चढ़ने का तो सोचो। चढ़ने वालों के पैर पीछे खींचने से कभी विकास नहीं होता।
कटारिया के इस बयान को विपक्ष की आलोचना के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। उनका कहना है कि मालिकाना हक देने की दिशा में जो कदम उठाया गया है, उसे आगे बढ़ाने की जरूरत है। किसी भी फैसले को केवल इसलिए खारिज नहीं किया जाना चाहिए कि उससे सभी लोगों को तत्काल लाभ नहीं मिल रहा।
दरअसल, पुनर्वास कॉलोनियों में मालिकाना हक का मुद्दा लंबे समय से चंडीगढ़ की राजनीति के केंद्र में रहा है। कॉलोनियों में मूल आवंटियों के अलावा बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी रह रहे हैं, जिन्होंने पावर ऑफ अटाॅर्नी और अन्य माध्यमों से मकान खरीदे हैं। ऐसे में नोटिफिकेशन के दायरे और पात्रता को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस और आप इसी आधार पर भाजपा से जवाब मांग रही हैं।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ के हजारों परिवारों को बड़ी राहत, पुनर्वास कॉलोनियों के निवासियों को मिलेगा मालिकाना हक; जानें सभी जरूरी नियम
सियासी घमासान तेज होने की संभावना
आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए यह मुद्दा और महत्वपूर्ण हो गया है। कॉलोनियों में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए मालिकाना हक केवल राजनीतिक वादा नहीं, बल्कि उनके मकान की कानूनी स्थिति और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। ऐसे में आने वाले दिनों में भाजपा और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर सियासी घमासान और तेज होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।