विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ निगम चुनाव में प्रत्याशी का खर्च बढ़ाया, स्टार प्रचारकों के निमंत्रण का दायरा तय; जानें आयोग गाइडलाइंस

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:27 PM (IST)

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है, जिसमें 23 दिसंबर को मतदान और 26 दिसंबर को नतीजे आएंगे। प्रत्याशियों के चुनाव खर्च की सीमा बढ़ाकर 7.5 लाख रुपये की गई है और स्टार प्रचारकों के नियमों सहित कई नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं।

नगर निगम चुनाव कार्यक्रम का पोस्टर जारी करते स्टेट इलेक्शन कमिश्नर डॉ. विजय देव।

नगर निगम चुनाव कार्यक्रम का पोस्टर जारी करते स्टेट इलेक्शन कमिश्नर डॉ. विजय देव। 

HighLights

  1. मतदान 23 दिसंबर को, नतीजे 26 दिसंबर को घोषित होंगे।

  2. प्रत्याशी खर्च सीमा 7.5 लाख रुपये, स्टार प्रचारक नियम तय।

  3. सभी मतदान केंद्रों की लाइव निगरानी, वोटिंग एप सुविधा।

लवान करिवाल, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव की तारीख का शनिवार को एलान हो गया है। 23 दिसंबर को मतदान होगा और 26 दिसंबर को नतीजे आ जाएंगे। इस बार प्रत्याशियों के चुनाव खर्च की सीमा बढ़ाकर 7.5 लाख रुपये कर दी गई है। पिछले नगर निगम चुनाव में प्रत्याशी अधिकतम पांच लाख रुपये खर्च कर सकते थे।

वहीं, राष्ट्रीय राजनीतिक दल अपने 10 स्टार प्रचारकों और राज्य स्तरीय राजनीतिक दल पांच स्टार प्रचारकों को चुनाव प्रचार के लिए बुला सकेंगे। स्टार प्रचारकों के चुनावी कार्यक्रमों पर होने वाला खर्च संबंधित पार्टी के खाते में जोड़ा जाएगा, जबकि प्रत्याशी का व्यक्तिगत चुनाव खर्च अलग से दर्ज होगा।

स्टेट इलेक्शन कमिश्नर डॉ. विजय देव ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के दौरान बताया कि प्रत्याशियों के चुनाव खर्च पर नजर रखने के लिए आयोग की ओर से व्यवस्था की जाएगी। सोशल मीडिया पर होने वाले प्रचार और उसके खर्च की निगरानी करना आयोग के लिए चुनौती है। प्रत्याशियों के खर्च की सीमा निर्धारित है, लेकिन राजनीतिक दलों के अपने खर्च पर ऐसी सीमा नहीं है।

दोनों के खर्च को अलग-अलग चिह्नित करना कई बार मुश्किल हो जाता है। आयोग इस पर निगरानी के लिए टीमें गठित करेगा। सोशल मीडिया सहित प्रचार के विभिन्न माध्यमों पर होने वाले खर्च की जानकारी जुटाई जाएगी। आयोग ने मीडिया से भी इस मामले में सहयोग मांगा है।

उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट की विस्तृत गाइडलाइन तैयार की गई है। इसमें राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की जिम्मेदारियों, सत्ताधारी दल और सरकार के लिए निर्धारित नियमों तथा प्रचार की अवधि को स्पष्ट किया गया है।

रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक किसी भी माध्यम से प्रचार पर प्रतिबंध रहेगा। इसमें वाट्सएप और मैसेज के जरिये किया जाने वाला प्रचार भी शामिल है। मतदान से पहले के अंतिम 48 घंटे साइलेंस पीरियड होंगे। इस दौरान भी चुनाव प्रचार की अनुमति नहीं होगी।

हर पोलिंग स्टेशन पर लाइव नजर

डॉ. विजय देव ने बताया कि शहर के सभी 576 मतदान केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। इनके दृश्य आयोग के डैशबोर्ड पर उपलब्ध होंगे। वहीं, नागरिक निगम चुनाव ऐप के लाइव क्यू मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से अपने मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतार और प्रतीक्षा समय की जानकारी ले सकेंगे।

दिव्यांगों, निगम कर्मचारियों और 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा शुरू की जाएगी। मतदाता सूचना पर्ची पर क्यूआर कोड दिया जाएगा, जिसे स्कैन करने पर मतदान केंद्र की लोकेशन और उसके कोऑर्डिनेट्स मिल सकेंगे। मतदान के बाद मतदाता क्यूआर कोड के माध्यम से अपने अनुभव का फीडबैक भी आयोग को दे सकेंगे।

यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का बजा बिगुल, 23 दिसंबर को होगा मतदान; 26 को आ जाएंगे नतीजे

मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर

आयोग ने नगर निगम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप रणनीति तैयार की है। डॉ. देव ने बताया कि नगर निगम चुनाव में मतदान प्रतिशत सामान्य तौर पर करीब 60 प्रतिशत रहता है, जबकि लोकसभा चुनाव में यह इससे अधिक होता है।

मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के सहयोग से मीडिया अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने चंडीगढ़ के मतदाताओं से 23 दिसंबर को बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।

संवेदनशील बूथों की होगी पहचान

सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की जाएगी। आयोग के अनुसार यह प्रक्रिया गतिशील है और प्रत्याशियों की अंतिम सूची आने के बाद इसका आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर सुरक्षा बलों की तैनाती और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।