चंडीगढ़ निगम चुनाव में भाजपा में बगावत, उम्मीदवारों की घोषणा होते ही पूर्वांचल के बड़े चेहरे अनिल दुबे का इस्तीफा
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद पार्टी में असंतोष बढ़ गया है। टिकट न मिलने से नाराज पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे ने भाजपा से इस्तीफा देकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

टिकट न मिलने पर अनिल दुबे ने छोड़ी भाजपा।
HighLights
भाजपा की पहली सूची जारी होते ही विरोध शुरू हुआ।
पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे ने पार्टी से इस्तीफा दिया।
अनिल दुबे अब निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ेंगे चुनाव।
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 23 दिसंबर को नगर निगम के 35 वार्डों के लिए मतदान होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इसी बीच शुक्रवार को भाजपा की ओर से 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद पार्टी में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। टिकट वितरण से नाराज नेताओं और दावेदारों में असंतोष नजर आने लगा है।
सूची जारी होने के कुछ ही समय बाद भाजपा को बड़ा झटका लगा, जब पूर्वांचल के बड़े चेहरे माने जाने वाले पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अनिल दुबे ने टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर अपना त्यागपत्र पार्टी को भेज दिया है।
उन्होंने साफ कर दिया है कि अब वह भाजपा के टिकट पर नहीं, बल्कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके इस फैसले से भाजपा की चुनावी रणनीति को झटका लग सकता है। खासकर उन वार्डों में पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जहां पूर्वांचल समाज के मतदाताओं की संख्या महत्वपूर्ण मानी जाती है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए BJP के 23 प्रत्याशी घोषित, पहली सूची जारी होते ही पार्टी में बगावत का डर
टिकट वितरण से बढ़ी नाराजगी
भाजपा ने पहली सूची में 23 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों के साथ चुनावी जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन किया है। हालांकि टिकट वितरण के बाद कई दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। ऐसे में पार्टी के भीतर नाराजगी सामने आने लगी है।
अनिल दुबे का इस्तीफा इस असंतोष का पहला बड़ा संकेत माना जा रहा है। उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने के ऐलान से संबंधित वार्ड में मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व नाराज नेताओं को मनाने में कितना सफल रहता है या फिर टिकट कटने से शुरू हुई बगावत आने वाले दिनों में और तेज होती है।
23 दिसंबर को होगा मतदान
चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों में चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा ने पहली सूची जारी कर अपने चुनावी अभियान को आगे बढ़ाया है। वहीं, टिकट से वंचित नेताओं की नाराजगी पार्टी के सामने नई चुनौती बनकर उभरी है। नामांकन प्रक्रिया के बीच शुरू हुई इस बगावत का असर चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।