पंजाब में CBI की बड़ी कार्रवाई, चंडीगढ़ समेत 8 ठिकानों पर छापामारी; CM मान के ओएसडी समेत 6 पर FIR
पंजाब में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच अब सीबीआई करेगी, जिसमें मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुमान समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
-1791296847506_m.webp)
सीएम के ओएसडी समेत छह पर सीबीआई की एफआईआर, पंजाब में आठ ठिकानों पर छापे।
HighLights
सीएम के ओएसडी राजबीर घुमान समेत छह पर FIR दर्ज
सीबीआई ने चंडीगढ़ सहित पंजाब में आठ ठिकानों पर छापा मारा
अधिकारियों की पोस्टिंग, टेंडर और नीतिगत फैसलों में भ्रष्टाचार के आरोप
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में अधिकारियों की पोस्टिंग से लेकर टेंडर, लाइसेंस, जमीन और नीतिगत फैसलों में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) करेगी।
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से मिली रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई ने मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुमान समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
चंडीगढ़ समेत 8 ठिकानों पर CBI की एक साथ छापामारी
एफआईआर दर्ज करने के बाद सीबीआई ने मंगलवार को चंडीगढ़ समेत पंजाब में आठ ठिकानों पर एक साथ छापामारी की। कार्रवाई में लैपटॉप, मोबाइल फोन और अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
सीबीआई के अनुसार जांच में आरोप है कि मुख्यमंत्री के ओएसडी और उनके सहयोगी अधिकारियों की पोस्टिंग को प्रभावित और कथित तौर पर उसमें हेरफेर करते थे। इनमें आईएएस और आइपीएस अधिकारियों की पोस्टिंग भी शामिल है।
इसके अलावा विभागीय कार्रवाई, नीतियां तैयार करने, प्रशासनिक मंजूरियों, टेंडर की शर्तों, लाइसेंस जारी करने, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव (लैंड यूज कन्वर्जन), संपत्ति विवाद तथा राजस्व और जमीन से जुड़े मामलों में कथित तौर पर आर्थिक लाभ के बदले प्रभाव डालने के आरोप हैं।
यह भी पढ़ें- CM भंगवत मान के ऑफिस पर CBI की दबिश, बोले- BJP ने शुरू कर दी पंजाब चुनाव की तैयारी
सरकारी आदेश जारी होने से पहले ड्राफ्ट उपलब्ध कराने का आरोप
जांच एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ सरकारी कर्मचारियों ने सरकार की ओर से आदेश और नीतियां जारी होने से पहले ही उनके ड्राफ्ट निजी लोगों को उपलब्ध कराए।
सीबीआई अब जब्त किए गए इलेक्ट्रानिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाएगी कि इनका इस्तेमाल कथित रिश्वतखोरी और अनियमितताओं में किस तरह हुआ।
इन लोगों को बनाया गया आरोपित
सीबीआई ने राजबीर घुमान, मुख्यमंत्री पंजाब के ओएसडी नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आरएस नागरा को नामजद किया है। इनके अलावा अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों को भी एफआईआर में शामिल किया गया है। सीबीआई के अनुसार नामजद लोगों में दो सरकारी कर्मचारी तथा बिचौलिये और उनके सहयोगी शामिल हैं।
चंडीगढ़ से जालंधर तक आठ ठिकानों पर कार्रवाई
एफआईआर के बाद सीबीआई की टीमों ने चंडीगढ़, मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में आरोपितों से जुड़े आठ परिसरों पर समन्वित तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान मिले लैपटॉप, मोबाइल फोन और दस्तावेजों को जब्त कर उनकी जांच शुरू कर दी गई है। एजेंसी इनसे कथित रिश्वतखोरी और अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में 61 ED मामलों की CBI जांच का आदेश, नौकरशाही में हड़कंप; बिचौलियों में बढ़ी बेचैनी
