विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM भंगवत मान के ऑफिस पर CBI की दबिश, बोले- BJP ने शुरू कर दी पंजाब चुनाव की तैयारी

By Ramanjit Singh MankooEdited By: Nitish Kumar Kushwaha
Published: Tue, 06 Oct 2026 06:47 PM (IST)Updated: Tue, 06 Oct 2026 07:16 PM (IST)

पंजाब में सीबीआई ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस, मोहाली में एक आईएएस अधिकारी के घर और अन्य स्थानों पर दबिश दी है।

पंजाब में CBI की बड़ी कार्रवाई, CM भगवंत मान के कैंप ऑफिस से लेकर IAS अधिकारी के घर तक पहुंची टीम।

पंजाब में CBI की बड़ी कार्रवाई, CM भगवंत मान के कैंप ऑफिस से लेकर IAS अधिकारी के घर तक पहुंची टीम।

HighLights

  1. सीबीआई ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर दबिश दी

  2. मोहाली में एक आईएएस अधिकारी के घर भी सीबीआई की रेड हुई

  3. हाई कोर्ट ने मुख्यमंत्री कार्यालय भ्रष्टाचार जांच के आदेश दिए

रोहित कुमार/रमनजीत सिंह मनकू, चंडीगढ़। पंजाब में सीबीआई ने मंगलवार को एक साथ कई जगहों पर दबिश देकर सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी। सीबीआई की टीम चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस 50 नंबर कोठी पहुंची तो मोहाली के फेज-11 में एक आईएएस अधिकारी के घर पर भी टीम ने दबिश दी।

इसके अलावा संगरूर के घराचों समेत पंजाब में अन्य स्थानों पर भी सीबीआई की कार्रवाई की सूचना है। एक साथ कई ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई से साफ है कि पंजाब में अब सीबीआई का जांच का दायरा बढ़ रहा है और कई ठिकाने उसकी रडार पर हैं।

हाई कोर्ट ने दिए थे CBI जांच के आदेश

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब पंजाब सरकार हाई कोर्ट के सीबीआई जांच के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुकी है। दो दिन पहले ही पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई को जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे।

हाई कोर्ट के आदेश के बाद पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पिटिशन (एसएलपी) दाखिल की है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने एसएलपी को मेंशनिंग के लिए स्वीकार किया और जल्द सुनवाई होने की संभावना है। इसी बीच सीबीआई की पंजाब में अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई को बेहद अहम माना जा रहा है।

50 नंबर कोठी में पहुंची सीबीआई टीम

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस के तौर पर इस्तेमाल हो रही 50 नंबर कोठी में सीबीआई टीम के पहुंचने की सूचना से मामला और संवेदनशील हो गया है। इस कोठी का इस्तेमाल पहले आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा भी करते रहे हैं। उनके जाने के बाद इसे मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

फेज-11 में आईएएस अधिकारी के घर दबिश

सीबीआई की टीम ने मोहाली के फेज-11 में एक आईएएस अधिकारी के घर पर भी दबिश दी है। इसके अलावा संगरूर के घराचों में भी सीबीआई की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, सीबीआई की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सभी स्थानों पर हुई कार्रवाई एक ही मामले से संबंधित है या अलग-अलग मामलों से।

मान बोले- चुनाव के कारण सीबीआई का दुरुपयोग

सीबीआई की कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि भाजपा ने पंजाब में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है और उनके कैंप ऑफिस में सीबीआई रेड की गई है।

सीएम मान ने आरोप लगाया कि अब पंजाब में ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर पंजाब सरकार और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों से मिल रहे प्यार को देखकर भाजपा घबराहट में है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सीबीआई की मंगलवार की कार्रवाई हाई कोर्ट के उस आदेश से सीधे जुड़ी है या एजेंसी ने किसी अन्य मामले में अलग से कार्रवाई शुरू की है। आने वाले दिनों में सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई और सीबीआई की कार्रवाई से तस्वीर और साफ हो सकती है।

अरविंद केजरीवाल ने भी बीजेपी पर बोला हमला

केजरीवाल ने कहा, 'चुनाव से दो महीने पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय पे CBI की रेड बीजेपी कि बौखलाहट का नतीजा है। जब से सेंटर में बीजेपी की सरकार आई है उसने पंजाबियों के साथ हमेशा ही धक्का किया है चाहे किसान आंदोलन हो, पंजाब के पानी का मुद्दा हो, पंजाब यूनिवर्सिटी का मुद्दा हो। और अब तो उनके चुने हुए मुख्यमंत्री के साथ भी धक्का कर रही।'

उन्होंने आगे कहा, 'बीजेपी चुनाव लड़के पंजाब में जीत नहीं सकती तो ED-CBI के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है। लेकिन पंजाबियों ने अपना मन बना लिया है और बीजेपी के CBI रेड का जवाब आने वाले चुनाव ने भगवंत मान को 100+ सीटों से जीता कर दोबारा मुख्यंत्री बना कर देंगे।' 

यह भी पढ़ें- 'पांच साल निर्धारित किया जाए कार्यकाल...', देशभर से आए मेयर्स ने उठाई आवाज; चंडीगढ़ में अभी है एक साल