विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पंजाबी किसी की धौंस नहीं मानते...', पंजाब के CM कैंप ऑफिस पर CBI की रेड से सियासी पारा हाई; आप ने BJP को घेरा

Published: Wed, 07 Oct 2026 01:22 PM (IST)

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर सीबीआई की कार्रवाई के बाद पंजाब में सियासी पारा चढ़ गया है।

पंजाब के सीएम भगवंत मान (फाइल फोटो)

पंजाब के सीएम भगवंत मान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. चंडीगढ़ सीएम कैंप ऑफिस पर सीबीआई ने कार्रवाई की

  2. आप विधायक धालीवाल ने सीबीआई-ईडी को भाजपा का विंग बताया

  3. धालीवाल ने कहा पंजाबी दबाव की राजनीति स्वीकार नहीं करेंगे

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र व चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस पर सीबीआई की कार्रवाई के बाद पंजाब में सियासी पारा चढ़ गया है।

आम आदमी पार्टी के विधायक एवं पूर्व मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भारतीय जनता पार्टी का विंग करार देते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इन जांच एजेंसियों के जरिये पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।

धालीवाल ने कहा कि जब राजनीतिक मोर्चे पर भाजपा को पंजाब में अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा तो अब सीबीआई और ईडी को आगे किया जा रहा है।

धालीवाल ने कहा कि पंजाब में सीबीआई ने कई स्थानों पर कार्रवाई पर दावा किया कि कार्रवाई के बाद जांच एजेंसी के अधिकारी खाली हाथ लौटे। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कार्रवाई के बावजूद कुछ हाथ नहीं लगा तो फिर इस तरह की कार्रवाई का मकसद क्या था।

केंद्रीय मंत्रियों के दौरे, फिर भी नहीं जुटी भीड़

धालीवाल ने भाजपा की ओर से पंजाब में निकाली गई नशा मुक्ति यात्रा को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंजाब में अपनी राजनीतिक पकड़ दिखाने के लिए बड़े स्तर पर कार्यक्रम किए।

कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता पंजाब पहुंचे, लेकिन इसके बावजूद भाजपा अपेक्षित जनसमर्थन नहीं जुटा सकी। उन्होंने दावा किया कि अमित शाह की रैली में भी भाजपा के बड़े दावों के बावजूद करीब चार हजार लोग ही जुट सके।

धालीवाल ने कहा कि भाजपा की ओर से एक लाख लोगों के जुटने का दावा किया गया था, लेकिन पंजाब के लोगों ने रैली में अपनी मौजूदगी से भाजपा को जवाब दे दिया। उन्होंने कहा कि यह साफ संकेत है कि पंजाब के लोग दबाव की राजनीति को स्वीकार नहीं कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ सेक्टर-7 में पिस्तौल लहराने और धमकी के आरोप में चार गिरफ्तार, अब समझौते की आड़ में केस कमजोर करने की तैयारी

‘पंजाबियों को बांह मरोड़कर पीछे नहीं लगाया जा सकता’

धालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाबियों को किसी की धौंस या दबाव से डराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पंजाब का इतिहास गवाह है कि यहां के लोगों ने हमेशा दबाव और जबरदस्ती का विरोध किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि पंजाब के लोग जांच एजेंसियों के जरिये राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिशों को स्वीकार नहीं करेंगे। धालीवाल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के कामों को जनता देख रही है और आने वाले समय में पंजाब के लोग भाजपा को इसका जवाब देंगे।

उन्होंने कहा कि “पंजाबी किसी की धौंस नहीं मानते और न ही किसी से डरते हैं। पंजाबियों को बांह मरोड़कर पीछे नहीं लगाया जा सकता।” धालीवाल ने कहा कि भाजपा जितना दबाव बनाने की कोशिश करेगी, पंजाब की जनता उतना ही मजबूती से इसका राजनीतिक जवाब देगी।

यह भी पढ़ें- 'कुछ नहीं मिला, अब सम्मन का दे देंगे जवाब', पंजाब में 8 जगहों पर छापामारी पर बोले CM मान; CBI पर उठाए सवाल