विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कुछ नहीं मिला, अब सम्मन का दे देंगे जवाब', पंजाब में 8 जगहों पर छापामारी पर बोले CM मान; CBI पर उठाए सवाल

Published: Wed, 07 Oct 2026 12:47 PM (IST)

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में सीबीआई की छापेमारी और अपने ओएसडी को जारी समन पर प्रतिक्रिया दी है।

धरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान। (जागरण फोटो)

धरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान। (जागरण फोटो)

HighLights

  1. सीएम मान ने सीबीआई को भाजपा की कठपुतली बताया।

  2. कहा, पंजाब में सीबीआई रेड से कुछ भी नहीं मिला।

  3. केंद्रीय एजेंसियों का चुनाव से पहले दुरुपयोग हो रहा है।

जागरण संवाददाता, संगरूर। मंगलवार को पंजाब भर में आठ जगहों पर हुई सीबीआई की छापामारी व बुधावर को सीबीआई द्वारा मुख्यमंत्री के ओएसडी को जारी किए सम्मान पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सीबीआई भाजपा की केंद्र सरकार की कठपुतली है।

सीबीआई के हाथ इस छापामारी दौरान कुछ नहीं लगा है। सीबीआई क्लीन चिट देकर जाएगी। ओएसडी को जारी किए गए सम्मन पर मान ने कहा कि नोटिस का जवाब दे दिया जाएगा।

धूरी में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का नींव पत्थर रखने से पहले पत्रकारों से बातचीत दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि भाजपा चुनावों से पहले संबंधित राज्य में सीबीआई, ईडी सहित अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों को अपने विरोधियों पर हथियार की तरह इस्तेमाल करती है।

बीजेपी के पास कोई मुद्दा नहीं: मान

पंजाब में सीबीआई की दस्तक से साफ है कि पंजाब में विधानसभा चुनाव समय पर होने वाले हैं। भाजपा के पास पंजाब का कोई मुद्दा नही है। भाजपा द्वारा निकाली गई नशा विरोधी यात्रा भी फेल हो चुकी है।

ऐसे में पंजाब में दाखिल होने के लिए भाजपा अब उनके करीबियों, रिश्तेदारों, ओएसडी, मंत्रियों को बदनाम करने की खातिर ईडी, सीबीआई व चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन इस जांच में कुछ भी निकलने वाला नहीं है।

इससे पहले छत्तीसगढ़, बंगाल व दिल्ली में भी भाजपा यही नीति खेल चुकी है, जहां आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कनवीनर व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित अन्य नेताओं पर दिल्ली में भ्रष्टाचार के केस दर्ज करवाकर उन्हें चुनावों से ठीक पहले जेल में बंद कर चुकी है, लेकिन इन मामलों में कुछ नहीं निकला, ऐसा ही पंजाब में भी होगा।

सीबीआई में कई मामले 20 वर्षों से लंबित, कोई कार्रवाई नहीं: मान

मान ने कहा कि भाजपा बाजू मरोड़ कर पंजाब में सत्ता हासिल करने चाहती है, लेकिन पंजाब के लोग यह बर्दाश्त नहीं करेगी। मामला सुप्रीमकोर्ट में है., लेकिन सीबीआई ने 24 घंटे में ही एक्शन ले लिया है, जबकि सीबीआई में कई मामले 20-20 वर्षों से लंबित हैं, जिस पर सीबीआई कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। सीबीआई ने जाकर शायद प्रधानमंत्री से कह दिया होगा कि वहां पर कुछ नहीं मिला, हमारा टाइम ही खराब हुआ है।