विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ सेक्टर-7 में पिस्तौल लहराने और धमकी के आरोप में चार गिरफ्तार, अब समझौते की आड़ में केस कमजोर करने की तैयारी

Published: Wed, 07 Oct 2026 12:30 PM (IST)

चंडीगढ़ के सेक्टर-7 क्लब में पिस्तौल लहराने और धमकी देने के आरोप में चार युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

धमकी देने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है (प्रतीकात्मक फोटो)

धमकी देने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. सेक्टर-7 क्लब में पिस्तौल लहराने के आरोप में चार युवक गिरफ्तार

  2. आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराओं के बावजूद समझौते की चर्चा

  3. प्रभावशाली आरोपितों के कारण पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठे

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-7 स्थित क्लब में पिस्तौल लहराने और धमकी देने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है। जिस मामले में पुलिस के ऑपरेशन सेल ने चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हथियार से संबंधित धाराएं लगाई थीं, उसी मामले में अब शिकायतकर्ता और आरोपितों के बीच समझौते की कवायद की चर्चा सामने आ रही है।

सवाल यह है कि यदि मामला इतना गंभीर था कि पुलिस ने हथियार बरामदगी और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की, तो बाद में आपसी समझौते के आधार पर इसकी धाराओं और मुकदमे की दिशा में बदलाव कैसे हो सकता है?

मामला सेक्टर-7 के एक क्लब में हुए विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि चार युवकों ने क्लब में पिस्तौल लहराकर दहशत पैदा की और शिकायतकर्ता को धमकी दी।

सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार किया था। मामला ऑपरेशन सेल तक पहुंचने और आरोपितों की गिरफ्तारी से साफ था कि पुलिस ने घटना को सामान्य मारपीट या कहासुनी का मामला नहीं माना।

गिरफ्तारी के बाद अब समझौते की कवायद क्यों?

इस मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि गिरफ्तारी के बाद अचानक समझौते की स्थिति क्यों पैदा हुई। चर्चा है कि शिकायतकर्ता और आरोपित पक्ष के बीच समझौता कराने की कोशिश की जा रही है।

यदि शिकायतकर्ता अपने स्तर पर समझौता करता है तो यह उसका निजी अधिकार हो सकता है, लेकिन हथियार के कथित इस्तेमाल से जुड़ा आपराधिक मामला केवल शिकायतकर्ता की इच्छा से खत्म नहीं हो जाता। आर्म्स एक्ट के तहत अपराध की प्रकृति और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई का भी कानूनी महत्व है।

यही वजह है कि पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या समझौते के बाद मामले को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है या फिर जांच और कानूनी प्रक्रिया अपने निर्धारित तरीके से आगे बढ़ रही है?

बड़े परिवारों से जुड़े होने की चर्चा, इसलिए उठे सवाल

चारों आरोपितों के प्रभावशाली और बड़े परिवारों से जुड़े होने की चर्चा भी मामले को और संवेदनशील बनाती है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई में किसी तरह के दबाव या प्रभाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह स्पष्ट करने की है कि गिरफ्तारी के समय जो आरोप और धाराएं लगाई गई थीं, उनकी वर्तमान कानूनी स्थिति क्या है।

अगर हथियार वास्तव में बरामद हुआ था और उसका इस्तेमाल धमकी देने में किया गया था, तो केवल शिकायतकर्ता के साथ समझौते के आधार पर पुलिस के स्तर पर मामले को खत्म करने की कोशिश पर सवाल उठना स्वाभाविक है। वहीं यदि जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं होती या मामले की धाराएं बदलती हैं तो पुलिस को इसका स्पष्ट कारण सामने रखना चाहिए।

पुलिस से उठ रहे तीन बड़े सवाल

1. गिरफ्तारी के समय आर्म्स एक्ट की धाराएं किन तथ्यों और बरामदगी के आधार पर लगाई गईं?
2. क्या हथियार की बरामदगी, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है?
3. शिकायतकर्ता से समझौते के बाद पुलिस ने मामले में कोई राहत या कानूनी बदलाव किया है तो उसका आधार क्या है?

समझौता हुआ तो भी पुलिस को देनी होगी स्थिति स्पष्ट

कानूनी तौर पर भी हर आपराधिक मामला केवल पक्षों के आपसी समझौते से समाप्त नहीं किया जा सकता। कुछ धाराएं समझौते से खत्म हो सकती हैं, जबकि कुछ मामलों में अदालत की भूमिका जरूरी होती है। विशेष रूप से हथियार से जुड़े अपराध में पुलिस को यह स्पष्ट करना होगा कि आरोप किस आधार पर लगाए गए थे और अब उनकी स्थिति क्या है।

इस पूरे घटनाक्रम ने चंडीगढ़ पुलिस की निष्पक्षता और कार्रवाई की निरंतरता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गिरफ्तारी के समय सख्त कार्रवाई और बाद में समझौते की चर्चा के बीच पुलिस को स्थिति साफ करनी चाहिए, ताकि यह संदेश न जाए कि प्रभावशाली आरोपितों के मामलों में कार्रवाई का पैमाना अलग हो सकता है।