साइन बोर्ड को तोड़कर सड़क किनारे बूथ पर जा चढ़ी तेज रफ्तार कार
मोहाली के वेरका चौक के पास एक तेज रफ्तार कार बूथ पर चढ़ गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए।
जेएनएन, मोहाली। शहर के वेरका चौक पर मंगलवार सुबह करीब चार बजे बेकाबू ऑप्ट्रा कार एडवरटाइजमेंट के लिए लगाए गए खंभे को तोडऩे के बाद एक कमरे की छत पर जा चढ़ी। इस हादसे में जालंधर निवासी एक नौजवान सुखमदीप सिंह व थाईलैंड निवासी 22 साल की डोम नाम की एक लड़की बुरी तरह जख्मी हो गई। जिन्हें इलाज के लिए फेज-6 के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत के चलते उन्हें सेक्टर-32 के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि डोम की रीढ़ की हड्डी पर चोट आई है और सुखमदीप सिंह के भी सिर व टांग पर गंभीर चोटें आई हैं।
फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
डॉक्टरों से मिली जानकारी अनुसार डोम थाईलैंड की रहने वाली हैं, जोकि थाई भाषा बोलती हैं। डोम ने डॉक्टरों को बताया कि उसकी खरड़ के एक नौजवान, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है, के साथ फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। उसने उसे मिलने के लिए बुलाया था और वह कुछ दिन पहले ही थाईलैंड से मिलने खरड़ आई थी।
सुखमदीप के अनुसार उसने दी थी लिफ्ट
जालंधर के गांव मकसूदां के रहने वाले सुखमदीप सिंह ने बताया कि वह सुबह खरड़ की ओर से आ रहा था। जिसे थाईलैंड की एक लड़की व एक लड़के ने लिफ्ट का इशारा किया था। उसने बताया कि उसे लड़की की भाषा समझ नहीं आ रही थी, जबकि उसके साथ आए लडक़े ने उसे 3बी2 छोडऩे के लिए कहा था।
गाय को बचाते हुए हुआ हादसा
जांच अधिकारी राम संजीवन के अनुसार पुलिस को कार चालक सुखमदीप ने बताया कि सुबह चार बजे जब उनकी कार वेरका चौक के नजदीक पहुंची, तो कार के आगे एक गाय आ गई। जिसको बचाते हुए उसकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और हड़बड़ाहट में ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया और बेकाबू कार पहले खंभे से टकरा कर साथ बने कमरे पर चढ़ गई।
पुलिस के अनुसार गाड़ी में थे दो लोग, सिक्योरिटी गार्ड ने बताए तीन
जांच अधिकारी राम संजीवन के अनुसार गाड़ी में सुखमदीप सिंह व थाईलैंड निवासी डोम लड़की थी, परंतु असल बात तो यह है हादसे के बाद राहगीरों ने दो युवक व एक युवती को गाड़ी से बाहर निकाला था। गाड़ी से डोम के साथ आया खरड़ निवासी युवक भाग निकला जिसे वेरका बूथ पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने देखा था।
यह भी पढ़ेंः लुधियाना नगर निगम चुनावः मतगणना शुरू, प्रारंभिक रुझानों में कांग्रेस को बढ़त