विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ड्रग्स मामले में मजीठिया और भोला एक ही दिन तलब, SIT ने भेजा समन; 5 अक्टूबर को होगी पूछताछ

Published: Wed, 30 Sep 2026 11:49 AM (GMT+05:30)

ड्रग्स मामले में एसआइटी ने बिक्रम मजीठिया और जगदीश भोला को पांच अक्टूबर को पूछताछ के लिए तलब किया है। जांच टीम पुराने बयानों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल करेगी।

बिक्रम सिंह मजीठिया और जगदीश भोला।

बिक्रम सिंह मजीठिया और जगदीश भोला।

HighLights

  1. बिक्रम मजीठिया और जगदीश भोला को 5 अक्टूबर को तलब किया।

  2. एसआईटी पंजाब के बहुचर्चित ड्रग्स मामले की जांच कर रही है।

  3. जांच में ड्रग्स रैकेट के वित्तीय लेनदेन पर विशेष ध्यान।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के बहुचर्चित ड्रग्स मामले में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने एक बार फिर पूछताछ के लिए तलब किया है। एसआइटी ने उन्हें 5 अक्टूबर को जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। इसी दिन ड्रग्स रैकेट के प्रमुख आरोपित और पंजाब पुलिस के बर्खास्त डीएसपी जगदीश सिंह भोला को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

दोनों को एक ही दिन तलब किए जाने से मामले में आमने-सामने पूछताछ की संभावना भी बनी है। यह मामला पंजाब में सामने आए बहुचर्चित सिंथेटिक ड्रग्स रैकेट से जुड़ा है, जिसे राजनीतिक तौर पर करीब छह हजार करोड़ रुपये के कथित ड्रग्स घोटाले के रूप में भी उठाया जाता रहा है। मामले की जांच के दौरान कई आरोपितों के नाम सामने आए और ड्रग्स के कारोबार से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन की जांच भी हुई।

यह भी पढ़ें- अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले हड़कंप, रैली में धमाके करने की दी धमकी; अमृतसर-जालंधर के स्कूलों को भेजी ईमेल

भोला के बयान के बाद मजीठिया का नाम आया

इस मामले में बर्खास्त डीएसपी जगदीश सिंह भोला का नाम प्रमुखता से सामने आया था। करीब एक दशक पहले भोला ने पूछताछ के दौरान बिक्रम सिंह मजीठिया का नाम लिया था। इसके बाद दिसंबर 2021 में मजीठिया के खिलाफ मादक पदार्थों से संबंधित एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज की गई। मजीठिया इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं।

अब मनी ट्रेल पर एसआइटी का फोकस

एसआइटी की मौजूदा जांच में ड्रग्स नेटवर्क के साथ जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन को भी खंगाला जा रहा है। जांच टीम बैंक खातों में हुए संदिग्ध नकद जमा, अन्य वित्तीय लेनदेन और मजीठिया के परिवार से जुड़ी कंपनियों के विदेशी वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है।

5 अक्टूबर की पूछताछ में पुराने आरोपों के साथ वित्तीय दस्तावेजों और कथित मनी ट्रेल से जुड़े सवाल भी सामने आ सकते हैं। भोला को भी उसी दिन बुलाए जाने से जांच टीम पुराने बयानों और मौजूदा जांच में सामने आए तथ्यों का मिलान कर सकती है।

यह भी पढ़ें- LPU और चितकारा कैंपस में हिंसा की चिंगारी से करोड़ों के करियर पैकेज पर संकट, प्लेसमेंट सीजन से पहले बढ़ी चिंता

पांच बार बदली एसआईटी

मामले में एसआइटी की कार्रवाई ऐसे समय हो रही है जब पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज है। हालांकि, करीब छह हजार करोड़ रुपये के आंकड़े और इससे जुड़े आरोपों को अलग-अलग जांच व राजनीतिक दावों के संदर्भ में देखा जाता रहा है। मजीठिया का पक्ष और एसआइटी की पूछताछ के बाद सामने आने वाले तथ्य इस मामले में आगे की तस्वीर स्पष्ट करेंगे।

मजीठिया के खिलाफ ड्रग्स तस्करी मामले में एफआईआर 20 दिसंबर 2021 को दर्ज की गई थी। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। करीब 5 बार एसआईटी के सदस्यों को बदला गया।

यह भी पढ़ें- पंजाब में रावी के बदलते बहाव से बॉर्डर पर सुरक्षा बन सकती है चुनौती, अमित शाह को पूर्व अधिकारी ने दिए 7 सुझाव