चंडीगढ़ के वर्षों से उलझे मुद्दे एक सप्ताह में सुलझने का दावा, अमित शाह ने निगम चुनाव में भाजपा की राह की सुगम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ दौरे पर भाजपा के नगर निगम चुनाव की राह आसान की, वर्षों से ...और पढ़ें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ दौरे पर थे। फोटो: संजय घिल्डियाल
HighLights
चंडीगढ़ को भाजपा का गढ़ बनाने पर जोर दिया।
शहर के वर्षों से लंबित मुद्दे एक सप्ताह में हल होंगे।
निगम चुनाव की कमान खुद अमित शाह संभालेंगे।
बलवान करिवाल, चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ दौरे से भाजपा की नगर निगम चुनाव के लिए राह सुगम कर गए। जो मुद्दे वर्षाें से उलझे हुए हैं वह अगले एक सप्ताह में हल होने का दावा अमित शाह कर गए हैं। इसकी औपचारिक घोषणा प्रशासक गुलाब चंद कटारिया एक बड़े कार्यक्रम में करेंगे।
यह मुद्दे ऐसे हैं जो शहर के बड़े वर्ग से जुड़े होने के कारण चुनाव पर भी बड़ा असर छोड़ने वाले हैं। पुलिस लाइन में कार्यक्रम के तुरंत बाद अमित शाह ने भाजपा के पूर्व मेयरों और कोर कमेटी के पदाधिकारियों से लंबी बैठक कर उनसे फीडबैक लिया।
पुलिस लाइन मेस में ही सवा घंटे तक चली इस बैठक में अमित शाह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह चंडीगढ़ को भाजपा का गढ़ बनाना चाहते हैं। इसलिए यह नगर निगम चुनाव पार्टी के लिए बहुत अहम है। शाह ने नेताओं से कहा कि इन चुनावा का प्रभाव इसके बाद होने वाले पंजाब विधान सभा चुनाव पर भी रहने वाला है।
अमित शाह ने पूर्व मेयरों और नेताओं से कहा कि बूथ स्तर पर काम करें। किसी तरह की कोई कसर नहीं छोड़नी है। नगर निगम चुनाव की घोषणा होते ही वह फिर चंडीगढ़ आएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव पर वह बहुत करीब से नजर रखेंगे। यह मान के चलो कि कमान उनके हाथ में ही होगी। उन्होंने चुनाव से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।
नाॅमिनेटिड काउंसलर्स पर बड़ा फैसला जल्द
बैठक में नाॅमिनेटिड काउंसलर्स पर भी बात हुई। बताया जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक में कहा कि नाॅमिनेटिड काउंसलर्स होने ही नहीं चाहिए। अगर हो भी तो केवल ऑफिशियल्स होने चाहिए। इस पर आने वाले दिनों में बड़ा निर्णय हो सकता है।
दीवाली से पहले लाल डाेरा से बाहर पानी कनेक्शन
कोर कमेटी की इस बैठक में एक पूर्व मेयर ने गांवों में लाल डोरा से बाहर पानी के कनेक्शन नहीं मिलने की बात रखी। इस पर अमित शाह ने कहा कि यह बात हो गई है। जल्द पानी के कनेक्शन मिलने लगेंगे। प्रशासक गुलाब चंद कटारिया इसकी घोषणा अलग से करेंगे।
यह भी पढ़ें- 'सिख नरसंहार के दिन कांग्रेस ने रैली कर जख्मों पर नमक छिड़का...', शाह ने चंडीगढ़ से पंजाब को साधा
आप-कांग्रेस की रणनीति पूछी
गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व मेयरों से पूछा कि आप-कांग्रेस का चंडीगढ़ में क्या चल रहा है। इस पर एक पूर्व मेयर ने कहा कि सीट बांटकर दोनों लड़ सकते हैं। गठबंधन की बजाए एक दूसरे के खिलाफ प्रत्याशी न उतारें। अमित शाह ने कहा कि पंजाब में तो दोनों एक दूसरे के खिलाफ हैं। दोनों की सच्चाई जनता के सामने रखते हुए पार्टी को मजबूत करना है।
हल्के फुल्के अंदाज में की बैठक
अमित शाह के साथ मेयरों की यह बैठक बड़ी अनौपचारिक हल्के फुल्के अंदाज में हुई। उन्होंने लंबा समय बैठक में दिया। चाय पर चर्चा की। बैठक में सभी पूर्व मेयरों के साथ भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा, प्रभारी महेंद्र पांडे, संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु, पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन और अरुण सूद भी रहे।
यह भी पढ़ें- 'पंजाब में बनानी है NDA सरकार...', जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के नारे के साथ चंडीगढ़ से शाह का बड़ा संदेश
सांसद मनीष तिवारी पर ली चुटकी
इस बैठक में अमित शाह ने सांसद मनीष तिवारी पर भी बात की। पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन ने बताया कि वह शहर में रहते ही नहीं। सप्ताह के अंत में आते हैं। इस बीच अमित शाह ने कहा कि वह अगले चुनाव में कोई नई सीट ढूंढ लेंगे।
अनिल मसीह के बारे में पूछा
बैठक में अमित शाह ने नेताओं से पूछा कि वह कौन था जिसने मेयर का चुनाव खराब किया था। इस पर नेताओं ने अनिल मसीह का नाम लिया। गृह मंत्री ने कहा कि उसे तो जेल होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।