'राजनीति में कुछ भी संभव', सचिन पायलट के बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की वापसी को लेकर अटकलें तेज
पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई ...और पढ़ें

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट।
HighLights
सचिन पायलट ने कैप्टन की वापसी पर दिए संकेत।
2027 पंजाब चुनाव से पहले अटकलें तेज हुईं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह अभी भाजपा में हैं।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट के ताजा बयान ने इस राजनीतिक अटकल को फिर हवा दे दी है।
कैप्टन की घर वापसी से जुड़े सवाल पर पायलट ने कहा-
सियासत में कुछ भी संभव है...।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी उनकी कैप्टन से इस विषय पर कोई बातचीत नहीं हुई है। कैप्टन अमरिंदर सिंह फिलहाल भाजपा में हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से अलग होने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी बनाई थी और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे।
पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक कांग्रेस का प्रमुख चेहरा रहे कैप्टन की वापसी को लेकर पिछले करीब छह महीने से समय-समय पर चर्चाएं सामने आती रही हैं। अब पायलट के बयान के बाद इन अटकलों को फिर बल मिला है।
यह भी पढ़ें- जालंधर में AAP का सियासी फेरबदल, पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह के गढ़ में दीपक बाली को बनाया हलका इंचार्ज
कम उम्र से कैप्टन को जानता हूं
कैप्टन की कांग्रेस में वापसी की संभावना से जुड़े सवाल पर सचिन पायलट ने कहा कि वह कैप्टन अमरिंदर सिंह को काफी छोटी उम्र से जानते हैं। उन्होंने कैप्टन को बड़े कद का नेता बताते हुए कहा कि वह बिना शर्त और ऊंचे रुतबे वाले नेता हैं। हालांकि, पायलट ने कहा कि इस संबंध में अभी उनकी कैप्टन से कोई बातचीत नहीं हुई है और राजनीति में कुछ भी संभव है।
यह भी पढ़ें- 'पंजाब चुनाव में निभाएंगे बड़ा रोल...', राजा वड़िंग को लेकर सचिन पायलट का बड़ा दांव; क्या है कांग्रेस का मास्टरप्लान?
भाजपा में भूमिका को लेकर भी उठ रहे सवाल
कैप्टन की कांग्रेस में संभावित वापसी की चर्चा ऐसे समय में हो रही है, जब पंजाब में सभी राजनीतिक दल 2027 के चुनाव को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। कैप्टन की भाजपा में भूमिका और पार्टी में उन्हें मिलने वाली जिम्मेदारियों को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा होती रही है। हालांकि, इन परिस्थितियों के आधार पर उनकी कांग्रेस में वापसी पक्की नहीं कहीं जा सकती।
फिलहाल सचिन पायलट के बयान ने पंजाब की राजनीति में एक नया सवाल खड़ा कर दिया है। क्या चुनाव से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की कोई संभावना बनेगी या यह चर्चा महज अटकलों तक सीमित रहेगी। कुछ समय पहले कैप्टन के भाई की मौत के बाद लोकसभा विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उनसे फोन पर बातचीत की थी, लेकिन भाजपा नेताओं ने ऐसा नहीं किया इसके बाद भी कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस के प्रति नरम रुख दिखाया था।
