Onion Theft Case: मोहाली में 40 किलो प्याज चुरा ले गईं महिलाएं, CCTV में हुई कैद
Onion Theft Case फेज-7 स्थित पापा जी चिकन कॉर्नर (रेस्टोरेंट) में लगभग 40 किलो प्याज चोरी हो गया। आरोप दो महिलाओं पर लग रहा है।
जेएनएन, मोहाली। प्याज के दामों में उछाल से आम आदमी परेशान है। वहीं, आपने रूपये व अन्य सामान की चोरी की बात तो सुनी होगी, लेकिन अब लोग प्याज भी चुराने लगे हैं। मोहाली में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। फेज-7 स्थित पापा जी चिकन कॉर्नर (रेस्टोरेंट) में लगभग 40 किलो प्याज चोरी हो गया। आरोप दो महिलाओं पर लग रहा है। बताया जा रहा है कि चोरी करते हुए महिलाएं सीसीटीवी में कैद हो गई हैं।
रेस्टोरेंट मालिक राजिंदर सिंह काला ने बताया कि प्याज चोरी के बारे में उन्हें तब पता चला जब शनिवार सुबह अपना रेस्टोरेंट खोला। चिकन का व्यंजन तैयार करने के लिए कारीगरों को प्याज काटना था, लेकिन पता चला कि वहां रखे प्याज गायब थे। इसके बाद पता चला कि प्याज तो चोरी हो गए हैं। इस पर तत्काल मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।
यह भी पढ़ें: Onion price में मिल सकती है थोड़ी राहत, 86 ट्रकों में आया 3,182 टन अफगानिस्तानी प्याज
राजिंदर सिंह काला ने बताया कि रोजाना की तरह मंडी से अन्य सब्जियों के साथ प्याज भी खरीद कर मंगवाए गए थे। उनके पास जो ऑटो सब्जियां देने आता है वह रोज की तरह सारी सब्जियां दुकान के पीछे शटर के सामने रख गया। कारीगरों को जब प्याज नहीं मिले तो उन्होंने आढ़ती को फोन किया। आढ़ती ने बताया कि अन्य सब्जियों के साथ प्याज के तीन पैकेट भी भेजे गए हैं। आढ़ती से यह जवाब मिलने के बाद सीसीटीवी की फुटेज चेक की गई तो पता चला कि दो महिलाएं प्याज चुरा ले गई हैं।
इस बारे में रेस्टोरेंट मालिक राजिंदर सिंह काला का कहना है कि आज चिकन सस्ता और प्याज महंगा है। प्याज 120 रुपये प्रति किलो है। ऐसे में रेस्टोरेंट से प्याज चोरी होने की वारदात निश्चित रूप से गंभीर मामला है। बता दें, देशभर में प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। सरकारें स्टाकिस्टों पर शिकंजा कस रही हैं, लेकिन फिर भी प्याज के दाम गिरने के बजाय लगातार बढ़ रहे हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें