विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घटिया सामग्री और फर्जी बिल! विजिलेंस ने मानसा में पकड़ा 2.62 लाख का सड़क घोटाला, ठेकेदार-अफसरों पर FIR दर्ज

Published: Fri, 11 Sep 2026 04:19 PM (IST)

मानसा में सड़क निर्माण में घटिया सामग्री और अतिरिक्त भुगतान से सरकारी खजाने को 2.62 लाख रुपये नुकसान पहुंचाने का ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड प्रतिकात्मक तस्वीर है।

ये AI जनरेटेड प्रतिकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. विजिलेंस ने मानसा सड़क निर्माण में अनियमितताओं पर कार्रवाई की।

  2. घटिया सामग्री उपयोग और अधिक भुगतान से 2.62 लाख का नुकसान।

  3. ठेकेदार और नगर परिषद कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने मानसा में सड़क निर्माण के दौरान कथित अनियमितताओं के मामले में ठेकेदार और नगर परिषद के संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। आरोप है कि घटिया सामग्री के इस्तेमाल और अधिक भुगतान के कारण सरकारी खजाने को 2.62 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई मानसा के वार्ड नंबर 5 और नई कचहरी रोड निवासी की शिकायत के आधार पर की गई। नगर परिषद मानसा की ओर से नई कचहरी रोड स्थित गगोवाल वाली गली से मानसा खुर्द में नगर परिषद की सीमा तक सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर जारी किया गया था।

वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद सड़क का काम शुरू हुआ, लेकिन आरोप है कि टेंडर में शामिल पूरे हिस्से की मरम्मत नहीं की गई। इसके बजाय केवल गगोवाल वाली गली से छोटी मानसा की ओर जाने वाले हिस्से का नए सिरे से निर्माण किया गया।

यह भी पढ़ें- पंजाब में गुटबाजी के बीच सचिन पायलट से मुलाकातों का दौर जारी, अब भारत भूषण आशु ने दिल्ली में की बैठक

जांच में घटिया सामग्री का खुलासा

मानसा के उपायुक्त के आदेश पर सड़क निर्माण की जांच के लिए कमेटी गठित की गई थी। कमेटी ने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच करवाई। रिपोर्ट में सामने आया कि इस्तेमाल की गई सामग्री निर्धारित दबाव सहने की आवश्यक क्षमता पर खरी नहीं उतरी।

इसके अलावा पंजाब मंडी बोर्ड, बठिंडा के कार्यकारी अभियंता की ओर से तैयार जांच रिपोर्ट में निर्माण कार्य के लिए लागू दरों में भी अनियमितता सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, इस्तेमाल की गई दरें सरकार की स्वीकृत दरों से काफी अधिक थीं। इससे 2.62 लाख रुपये की अतिरिक्त अदायगी हुई।

यह भी पढ़ें- पंजाब के मानसा में बैटरी फटने से मैकेनिक सहित 3 लोग झुलसे, हादसे में ट्राला और मोटरसाइकिल जलकर राख

मिलीभगत का आरोप, मामला दर्ज

विजिलेंस के अनुसार, नगर परिषद के संबंधित कर्मचारियों और ठेकेदार की कथित मिलीभगत से सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और सरकारी धन का नुकसान हुआ।

मामले में आरोपित ठेकेदार और नगर परिषद के संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। विजिलेंस ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- गुलजार सिंह के परिवार से नौकरी का वादा या सिर्फ सिफारिश? राजा वड़िंग ने पंजाब सरकार पर धोखा देने के लगाए आरोप