बठिंडा में कचरे से उठी लपटों ने मचाई अफरातफरी, चपेट में आईं दो कारें जलकर हुई राख
बठिंडा में कचरे के ढेर में लगी आग से दो खड़ी कारें जलकर राख हो गईं। फायर टीम ने आग ...और पढ़ें

आग को बुझाने का प्रयास करते हुए फायर ब्रिगेड कर्मचारी।
HighLights
बठिंडा में कचरे के ढेर से लगी भीषण आग।
पुरानी इंकम टैक्स कॉलोनी में दो कारें जलीं।
स्थानीय लोगों ने कचरा प्रबंधन पर उठाए सवाल।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा के पुरानी इंकम टैक्स कॉलोनी इलाके में वीरवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया, जब बाहर खड़ी दो कारों में अचानक आग लग गई। घटना करीब ढाई बजे से पौने तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।
घटना के समय इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दोनों कारें पूरी तरह उसकी चपेट में आ गईं। राहत की बात यह रही कि आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों और मकानों तक आग नहीं पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 4 किलो हेरोइन और 4 पिस्तौल जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार
अज्ञात व्यक्ति ने कचरे के ढेर को लगाई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्थान पर कारें खड़ी थीं, उसके पास कचरे का ढेर जमा था। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कचरे में आग लगाई गई, जो धीरे-धीरे फैलते हुए कारों तक पहुंच गई। तेज हवा के कारण आग ने और तेजी पकड़ ली और देखते ही देखते दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों कारों को भारी नुकसान हो चुका था। प्रारंभिक जांच में कचरे में लगी आग को ही मुख्य कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस और फायर विभाग द्वारा पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- हरभजन सिंह की सुरक्षा क्यों हटाई? हाई कोर्ट ने पंजाब सरकार से मांगा जवाब
कचरा प्रबंधन बेहतर करने की उठी मांग
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद नाराजगी भी देखने को मिली। उनका कहना है कि रिहायशी इलाकों में अक्सर कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिन्हें समय पर नहीं उठाया जाता। कई बार इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है, लेकिन प्रशासन इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं देता।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर किया जाए और ऐसे स्थानों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
प्रशासन ने भी लोगों को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच के साथ-साथ आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह भी पढ़ें- होशियारपुर में दर्दनाक हादसे का Video वायरल, स्कूल बस से उतर सड़क पार कर रहे बच्चे को बाइक ने मारी टक्कर
