विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुप्रीम कोर्ट से बिक्रम मजीठिया को जमानत; अमृतसर में अकाली कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मनाई खुशी

Published: Mon, 02 Feb 2026 05:28 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट से शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को जमानत मिलने के बाद अकाली कार्यकर्ताओं में ...और पढ़ें

अमृतसर के अजनाला में आतिशबाजी के बाद खुशी व्यक्त करते हुए अकाली वर्कर।

अमृतसर के अजनाला में आतिशबाजी के बाद खुशी व्यक्त करते हुए अकाली वर्कर।

HighLights

  1. बिक्रम मजीठिया को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत।

  2. अमृतसर में अकाली कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न।

  3. नौ महीने बाद मिली राहत से पार्टी में जोश।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया को सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया से जमानत मिलने के बाद अकाली दल के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जैसे ही शीर्ष अदालत द्वारा जमानत दिए जाने की खबर सामने आई, अजनाला और आसपास के क्षेत्रों में अकाली कार्यकर्ता एकत्रित हो गए और फैसले का स्वागत किया।

अजनाला में अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान “सच्चाई की जीत हुई है”, “बिक्रम मजीठिया जिंदाबाद” और “शिरोमणि अकाली दल जिंदाबाद” के नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह फैसला न्यायपालिका में उनके विश्वास को और मजबूत करता है।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में लड़की से मोबाइल छीनने की कोशिश में स्नैचर ने मारे थप्पड़; सीसीटीवी में कैद वारदात

अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से मिली इस राहत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा देखने को मिल रही है। उनका मानना है कि यह फैसला केवल बिक्रम सिंह मजीठिया के लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए राहत भरा है, जो राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति का शिकार होते रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पंजाब के बठिंडा में किसानों का जोरदार प्रदर्शन, डल्लेवाल की गिरफ्तारी का जताया विरोध; टोल प्लाजा किए जाम

9 महीने जेल में बंद रहे मजीठिया

उल्लेखनीय है कि सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया पिछले करीब नौ महीनों से जेल में बंद थे। लंबे समय से चल रही कानूनी प्रक्रिया के बाद जमानत मिलने से अकाली दल के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस फैसले से पार्टी को नैतिक बल मिला है और आने वाले समय में संगठन और अधिक मजबूती से जनता के मुद्दों को उठाएगा।

अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि पार्टी भविष्य में भी पंजाब और पंजाबी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला न केवल न्याय की जीत है, बल्कि पंजाब की राजनीति पर भी इसका दूरगामी प्रभाव पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- फिरोजपुर में साजिश रच युवक से किया झूठा विवाह; पत्नी सहित 3 आरोपितों पर नगदी-जेवरात लेकर फरार होने का केस