अमृतसर में लड़की से मोबाइल छीनने की कोशिश में स्नैचर ने मारे थप्पड़; सीसीटीवी में कैद वारदात
अमृतसर के तरनतारन रोड पर एक युवती से मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। एक्टिवा सवार युवक ने विरोध करने ...और पढ़ें
HighLights
अमृतसर में युवती से मोबाइल छीनने का प्रयास
विरोध करने पर स्नैचर ने युवती को थप्पड़ मारे
पूरी वारदात सीसीटीवी में हुई कैद, पुलिस जांच जारी
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर के तरनतारन रोड इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर से किसी काम के लिए निकली एक युवती से एक्टिवा सवार युवक ने मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और उसे थप्पड़ मारे, जिसके बाद मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, युवती जैसे ही अपने घर से बाहर निकलकर सड़क पर आगे बढ़ी, तभी एक्टिवा पर सवार एक युवक वहां पहुंचा और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। खुद को बचाने के प्रयास में युवती ने मोबाइल फोन सड़क के दूसरी ओर फेंक दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसके साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की।
यह भी पढ़ें- पंजाब के बठिंडा में किसानों का जोरदार प्रदर्शन, डल्लेवाल की गिरफ्तारी का जताया विरोध; टोल प्लाजा किए जाम

जब लड़की ने विरोध किया तो स्नैचर ने उसे थप्पड़ मारे और जमीन पर पटक दिया।
मोबाइल उठाकर भागने लगा आरोपी
मारपीट के बाद आरोपी ने सड़क पर गिरे मोबाइल को उठाया और एक्टिवा स्टार्ट कर फरार होने लगा। युवती ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया और उसकी एक्टिवा को पकड़कर पीछा किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से युवती सड़क पर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने घायल युवती को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
घटना की पूरी वारदात नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के इलाकों के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
यह भी पढ़ें- LLB की छात्रा के लिए PU में होगी विशेष परीक्षा, हाईकोर्ट का आदेश, गलत प्रश्नपत्र थमा बाद में एब्सेंट दिखाया था
घटना के बाद इलाके में दहशत
इस घटना के बाद तरनतारन रोड इलाके में लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
