मर्यादा उल्लंघन पर अकाल तख्त का सख्त फैसला, दो रागी जत्थों के कीर्तन पर रोक, लंगर में सेवा करने के आदेश
श्री अकाल तख्त साहिब ने सोशल मीडिया पर बयानबाजी और मर्यादा उल्लंघन के मामले में दो रागी जत्थों पर एक ...और पढ़ें

श्री अकाल तख्त साहिब से आदेश जारी करते हुए जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज। (फाइल फोटो)
HighLights
दो रागी जत्थों पर एक महीने कीर्तन की रोक।
आपसी विवाद, सोशल मीडिया बयानबाजी मर्यादा उल्लंघन का कारण।
गुरमत शिक्षा, लंगर सेवा के बाद अकाल तख्त में पेशी।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब ने आपसी विवाद और एक-दूसरे के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही बयानबाजी के मामले में भाई जगजीत सिंह बबीहा और भाई कुलविंदर सिंह खड़ूर के कीर्तनी जत्थों पर एक महीने तक संगत में कीर्तन करने पर रोक लगा दी है। यह रोक 13 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।
श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, दोनों जत्थों के प्रमुखों को एक महीने तक गुरमत की जानकारी हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत भाई जगजीत सिंह बबीहा शहीद सिख मिशनरी कालेज अमृतसर और भाई कुलविंदर सिंह खड़ूर गुरमत संगीत अकादमी श्री आनंदपुर साहिब में शिक्षा प्राप्त करेंगे। इसके साथ ही दोनों को मन में विनम्रता लाने के उद्देश्य से संबंधित स्थानों के लंगर हाल में सुबह-शाम सेवा भी करनी होगी।
एक महीने का समय पूरा होने के बाद दोनों को संबंधित संस्थानों से प्रमाणपत्र लेकर निजी तौर पर श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में पेश होना होगा।
यह भी पढ़ें- जातिगत भेदभाव के बयान पर घिरे MLA मनविंदर ग्यासपुरा, श्री हरिमंदिर साहिब प्रबंधन ने DCP को दी शिकायत
गुरबाणी कीर्तन के लिए मर्यादा और विनम्रता जरूरी
सचिवालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि गुरबाणी कीर्तन गुरु साहिब की बख्शी हुई दात और आत्मा की खुराक है। कीर्तन करने वाले व्यक्ति में गुरु के प्रति श्रद्धा, विनम्रता, सिख रहित मर्यादा की जानकारी और गुरबाणी संगीत प्रणाली की समझ होना जरूरी है।
आदेश में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से दोनों की ओर से गुरबाणी कीर्तन की मर्यादा का उल्लंघन किया जा रहा था। इसके अलावा दोनों जत्थों के बीच चल रहे विवाद के दौरान गुरुद्वारा साहिब के दीवान हाल में एक-दूसरे के खिलाफ सोशल मीडिया के माध्यम से हल्के स्तर की बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप किए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें- बेअदबी कानून पर 6 अक्टूबर को होगा मंथन, चंडीगढ़ में बैठेगी 7 सदस्यीय कमेटी; अकाल तख्त के सुझावों पर होगी चर्चा
संगत की और से मिल रही थी शिकायतें
इस मामले में संगत की ओर से लगातार श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में शिकायतें भी पहुंच रही थीं। सचिवालय के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों से पुराने कीर्तनी जत्थों और संगत की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। इसी को देखते हुए दोनों को एक महीने तक कीर्तन से दूर रखकर गुरमत की शिक्षा, मर्यादा और सेवा से जुड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।