अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ पर अमृतसर में संत समाज का फूटा गुस्सा, हफ्ते का अल्टीमेटम; आंदोलन की दी चेतावनी
रामतीर्थ में अंबेडकर प्रतिमा से कथित छेड़छाड़ के मामले में संत समाज ने पंजाब सरकार को एक सप्ताह का समय ...और पढ़ें

आंदोलन की जानकारी देते हुए संत समाज के नेता।
HighLights
संत समाज ने अंबेडकर प्रतिमा छेड़छाड़ पर आंदोलन की चेतावनी दी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पंजाब सरकार को एक सप्ताह का समय।
मांग पूरी न होने पर राज्यव्यापी धरने-प्रदर्शन की घोषणा।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से कथित छेड़छाड़ के मामले को लेकर संत समाज ने पंजाब सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। धूणा साहिब ट्रस्ट की अगुआई में संत समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार और प्रशासन को आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। उनका कहना है कि तय अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश के अलग-अलग जिलों में धरने और प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे।
संत समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला गंभीर है। इससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
संत समाज की ओर से कहा गया कि सरकार को कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय दिया जा रहा है। इस अवधि में यदि नामजद या कथित आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन को जिला स्तर तक ले जाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में धरने और विरोध प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी दी गई है।
प्रतिनिधियों ने कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की, ताकि लोगों में किसी तरह की गलतफहमी या असंतोष न बढ़े।
यह भी पढ़ें- श्री अकाल तख्त का फैसला, SGPC सदस्य व अतिरिक्त हेड ग्रंथी को किया खालसा पंथ से निष्कासित, आजीवन सेवा पर रोक
शांति बनाए रखने की अपील
संत समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सरकार को समय रहते ठोस कदम उठाने चाहिए और मामले में निष्पक्ष जांच के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोष साबित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा, फाजिल्का पहुंचे अर्जुन राम मेघवाल; बोले- युवाओं को दलदल से निकालना लक्ष्य
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन बढ़ेगा
संत समाज ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह में उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रतिनिधियों ने बरनाला कांड की तर्ज पर जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में विभिन्न जिलों में धरने और प्रदर्शन किए जाएंगे तथा आगे की रणनीति परिस्थितियों और सरकार की कार्रवाई के आधार पर तय की जाएगी।
अंबेडकर प्रतिमा से जुड़ी ऐसी घटनाओं को लेकर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पहले भी विरोध प्रदर्शन और बंद के आह्वान सामने आए हैं। हाल में लुधियाना में प्रतिमा से कथित छेड़छाड़ के बाद जालंधर समेत अन्य स्थानों पर भी संगठनों ने विरोध जताया था।
