Punjab Weather: पंजाब में कल से कमजोर पड़ने लगेगा मानसून, कुछ जिलों तक सीमित होगी बारिश
पंजाब में 23 अगस्त को कोई मौसम चेतावनी नहीं है। पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश के अधिक आसार हैं। शनिवार को बठिंडा 37 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा।

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
रविवार से पंजाब में मानसून की गतिविधियां होंगी धीमी।
बारिश केवल हिमाचल से सटे सीमावर्ती जिलों तक सीमित।
मैदानी इलाकों में उमस और तापमान में होगी बढ़ोतरी।
डिजिटल डेस्क, अमृतसर। पंजाब में पिछले कुछ दिनों से जारी झमाझम बारिश के बाद अब मानसून की गतिविधियां धीमी होने वाली हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर थम जाएगा और मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ जाएगी। कल यानी रविवार के बाद से राज्य में किसी भी तरह की भारी बारिश या मौसम की चेतावनी (अलर्ट) जारी नहीं की गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब बारिश की गतिविधियां केवल पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश की सीमाओं से सटे कुछ चुनिंदा जिलों तक ही सीमित रह जाएंगी। राज्य के मैदानी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से सूखा रहने की संभावना है, जिससे लोगों को बारिश से तो राहत मिलेगी लेकिन उमस और बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- सज्जन कुमार के निधन पर बयान से घिरे दीपेंद्र हुड्डा, पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने किया किनारा
हिमाचल से सटे जिलों में ही बौछारों के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, केवल पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर और रूपनगर जैसे सीमावर्ती और पहाड़ी इलाकों से लगे जिलों में ही हल्की से मध्यम बारिश या छिटपुट बौछारें देखने को मिल सकती हैं। पंजाब के मध्य और दक्षिणी जिलों जैसे लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, फरीदकोट, मानसा और फाजिल्का में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने का अनुमान है।
शनिवार को बठिंडा रहा सबसे गर्म
शनिवार को दर्ज किए गए आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। बठिंडा में सबसे अधिक तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पटियाला में 35.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक), फिरोजपुर में 35.4 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ व लुधियाना में 35.0 डिग्री सेल्सियस और अमृतसर में 33.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बारिश की बात करें तो शनिवार को केवल चंडीगढ़ (0.8 मिमी), मोहाली (0.5 मिमी), थेन डैम पठानकोट (0.5 मिमी) और रूपनगर (2.0 मिमी) में ही हल्की बारिश दर्ज हुई।
यह भी पढ़ें- पंजाब में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में भाजपा, रखड़ पूनिया मेले में एक मंच होगी सीएम सैनी-शिवराज की जोड़ी
मानसून होगा सुस्त
मानसून के सुस्त पड़ने से धूप खिलेगी और हवा में नमी का स्तर अधिक रहने के कारण चिपचिपी गर्मी महसूस होगी। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी 3-4 दिनों तक पंजाब में कोई नया मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने की संभावना नहीं है। ऐसे में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है।
