यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab News: बस स्टैंड पर चक्कर खाकर गिरे बुजुर्ग, पेंट में किया पेशाब; BRTS कर्मचारी ने करवाई सफाई
अमृतसर बस अड्डे पर एक बुजुर्ग व्यक्ति चक्कर खाकर गिर गए और उन्होंने पेंट में पेशाब कर दिया। इसके बाद ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, अमृतसर। बस अड्डे के बीआरटीएस स्टैंड पर कुछ दिन पहले वृद्ध का पेशाब निकल जाने पर वहां तैनात कर्मी ने पहले तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और बाद में उनसे पगड़ी उतरवाकर स्टैंड पर सफाई भी करवाई। मामला निहंग संगठनों के ध्यान में आया तो वह वृद्ध गुरनाम सिंह को अपने साथ लेकर बस स्टैंड पर पहुंच गए।
बीआरटीएस के कर्मी ने मांगी माफी
निहंगों को देखकर बीआरटीएस के कर्मी को माफी मांगकर जान छुड़ानी पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गुरनाम सिंह किसी काम से छेहरटा के खंडवाला क्षेत्र से बस में सवार होकर बस अड्डा पहुंचे थे। वहां जैसे ही वह बस से उतरे तो उन्हें चक्कर आ गया और वह बस स्टैंड पर ही गिर गए।
जब होश आया तो पेंट में उनका पेशाब निकल चुका था। जब वह उठकर जाने लगे तो वहां तैनात बीआरटीएस कर्मी ने उन्हें रोक लिया और पेशाब देखकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। कर्मी ने उन्हें पहले खरी-खोटी सुनाई और बाद में उन्हें स्टैंड पर सफाई करने को कहा।
पगड़ी उतारकर की सफाई
सफाई करने के लिए उनके पास कोई कपड़ा नहीं था। इसके बाद उन्होंने अपनी पगड़ी उतारी और वहां पेशाब को साफ किया। इसके बाद कर्मी ने उन्हें वहां से जाने दिया। वहां मौजूद लोगों ने जब यह देखा तो शहर की समाज सेवी संस्थाओं व निहंगों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद निहंग वहां पहुंच गए।
उन्होंने पहले गुरनाम सिंह के सिर पर दस्तार सजाई और फिर कर्मी को खूब फटकार भी लगाई। निहंगों ने आरोपित की शिकायत श्री अकालतख्त साहिब के समक्ष की है। यही नहीं कर्मी को उसकी गलती का अहसास भी करवाया गया। बाद में कर्मी ने माफी मांगकर अपनी जान छुड़ाई। बताया जा रहा है कि पीड़ित सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी है और इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से काफी आहत हुए हैं।