विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में भाजपा की पंजाब नशा मुक्त यात्रा में गुटबाजी! पहले रूट बदला, फिर आधे रास्ते में रथ से उतर गए नेता

Published: Fri, 25 Sep 2026 05:31 PM (IST)

अमृतसर में नशा मुक्त पंजाब यात्रा के दौरान रूट बदलने और अक्षय शर्मा के काफिले से आमना-सामना होने के बाद भाजपा नेताओं के ट्रक से उतरने पर चर्चा शुरू हुई।

HighLights

  1. अमृतसर में भाजपा की नशा मुक्त यात्रा में गुटबाजी दिखी।

  2. यात्रा का रूट बदला गया, नेता बीच रास्ते में उतरे।

  3. अक्षय शर्मा के समर्थकों ने यात्रा की कमान संभाली।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। भारतीय जनता पार्टी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा के समय अमृतसर में गुटबाजी सामने आई है। इस यात्रा का पहले रूट बदल दिया गया और बाद में सीनियर नेता बीच यात्रा में ही रथ छोड़ वापस लौट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रा का रास्ता बदले जाने के बाद ट्रक और भाजपा नेता अक्षय शर्मा के समर्थकों का काफिला आमने-सामने आ गया।

इसके बाद जिला प्रधान सलिल कपूर, पूर्व सांसद श्वेत मलिक और नेता सुखमिंदर पिंटू समेत कुछ नेता ट्रक से नीचे उतर गए। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा के भीतर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। जिला प्रधान सलिल कपूर का कहना है कि वह यात्रा छोड़कर नहीं गए थे, बल्कि यात्रा को मजीठा क्षेत्र के नेताओं को सौंपना था।

वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि स्थानीय नेताओं ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों से मुलाकात किए बिना ही आगे जाना उचित समझा। इन दावों पर भाजपा की ओर से कोई विस्तृत सार्वजनिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें- नशा मुक्त पंजाब...भाजपा की यात्रा पहुंची मोहाली, माहौल बिगड़ने के डर से काले कपड़े वालों पर रही रोक

सुबह से स्वागत की तैयारी में जुटे थे समर्थक

बताया गया कि अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में यात्रा का स्वागत करने के लिए अक्षय शर्मा के समर्थक सुबह से तैयारी में जुटे थे। खंडे वाला चौक से यात्रा शुरू होकर शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए मजीठा बाईपास पहुंचनी थी। बाईपास पर अक्षय शर्मा के साथ बड़ी संख्या में समर्थक, नशा पीड़ित परिवार और बुजुर्ग भी मौजूद थे।

समर्थकों की ओर से यात्रा के स्वागत के लिए गटका प्रदर्शन और नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक की तैयारी की गई थी। फूलों की बड़ी माला पहनाने की भी तैयारी थी। इसके लिए क्रेन और जेसीबी की व्यवस्था किए जाने की बात सामने आई। बताया गया कि करीब 100 किलो फूलों से 40 फीट लंबी माला तैयार की गई थी।

रूट बदला तो बाईपास की ओर पहुंचे अक्षय

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब अक्षय शर्मा को यात्रा का रूट बदले जाने की जानकारी मिली तो वह समर्थकों के साथ बाईपास चौक की ओर चले गए। इसी दौरान एक ओर से यात्रा का ट्रक पहुंचा, जबकि दूसरी ओर से अक्षय शर्मा अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए।

दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद यात्रा के ट्रक से नेताओं के उतरने की चर्चा शुरू हो गई। इसके बाद अक्षय शर्मा ने समर्थकों के साथ यात्रा को आगे बढ़ाने की कमान संभाली। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चा रही।

21 विधानसभा क्षेत्रों में युवा संपर्क की जिम्मेदारी

अक्षय शर्मा को भाजपा ने नशा मुक्त पंजाब यात्रा के तहत 21 विधानसभा क्षेत्रों के युवा संपर्क अभियान की जिम्मेदारी दी है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस अभियान के तहत युवाओं को नशे के खिलाफ अभियान से जोड़ने की योजना है। यात्रा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों और करीब 12 हजार गांवों से गुजरने के लिए चार मार्गों से निकाली जा रही है।

अक्षय शर्मा पिछले दिनों अमृतसर में इस अभियान के तहत युवाओं और परिवारों के साथ बैठकें भी कर चुके हैं। कर्मपुरा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने नशे की समस्या से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की थी।

यह भी पढ़ें- नशे के खिलाफ BJP का शंखनाद! आज बठिंडा से 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' को हरी झंडी दिखाएंगे शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय मंत्री ने शुरू की थी यात्रा

भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा की शुरुआत 18 सितंबर को हुई थी। अमृतसर पहुंचने के बाद यात्रा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को भी अमृतसर में यात्रा का स्वागत किया गया था और भाजपा नेताओं ने नशे के खिलाफ अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं तथा लोगों से संवाद किया।

स्थानीय नेतृत्व के ट्रक से उतरने की घटना के बाद अब भाजपा के भीतर इसे लेकर चर्चा है। जिला प्रधान सलिल कपूर ने यात्रा छोड़ने की बात से इनकार करते हुए इसे यात्रा को अगले क्षेत्र के नेताओं को सौंपने की प्रक्रिया बताया है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के दावों और घटनाक्रम को लेकर पार्टी की ओर से विस्तृत स्पष्टीकरण का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का आगाज, नितिन नवीन ने हरी झंडी दिखा किया रवाना, बिट्टू पर हमले को बताया निंदनीय