प्लेन के टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था युवक, धुआं देख केबिन क्रू को हुआ शक; अमृतसर एयरपोर्ट से पुलिस ने दबोचा
शारजाह से अमृतसर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में एक यात्री को टॉयलेट में सिगरेट पीते पकड़ा गया। ...और पढ़ें

शारजाह-अमृतसर फ्लाइट के टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था युवक, एयरपोर्ट पर पुलिस ने पकड़ा।
HighLights
शारजाह-अमृतसर फ्लाइट में यात्री ने टॉयलेट में सिगरेट पी
केबिन क्रू ने धुआं और दुर्गंध से मामले का पता लगाया
अमृतसर एयरपोर्ट पर युवक पुलिस के हवाले, जांच जारी
जागरण संवाददाता, अमृतसर। शारजाह से अमृतसर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-138) में एक युवक द्वारा विमान के टॉयलेट में सिगरेट पीने का मामला सामने आया है।
केबिन क्रू को टॉयलेट से धुआं और सिगरेट की तेज दुर्गंध आने के बाद मामले का पता चला। विमान के अमृतसर पहुंचते ही एयरलाइन प्रबंधन की शिकायत पर एयरपोर्ट थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
पूछताछ में सिगरेट पीने की बात स्वीकारी
20 अगस्त को शारजाह से अमृतसर आ रही फ्लाइट में जालंधर जिले के शाहकोट क्षेत्र के गांव निहालूवाल निवासी जसदीप (पुत्र सरूप सिंह) यात्रा कर रहा था। वह विमान के टॉयलेट में गया। उसके बाहर आने के बाद केबिन क्रू को टॉयलेट से धुआं और सिगरेट की दुर्गंध महसूस हुई।
संदेह होने पर क्रू ने जसदीप से पूछताछ की तो उसने पहले टॉयलेट में धूम्रपान करने से इनकार कर दिया। हालांकि, पूछताछ के बाद उसने सिगरेट पीने की बात स्वीकार कर ली। उसने अपने पास मौजूद सिगरेट और लाइटर भी केबिन क्रू को सौंप दिया।
आरोपी युवक को पुलिस के हवाले किया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ केबिन क्रू और कॉकपिट क्रू को इसकी सूचना दी गई। दो गवाहों की मौजूदगी में यात्री को चेतावनी पत्र भी जारी किया गया। विमान के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने के बाद एयरलाइन प्रबंधन ने एयरपोर्ट थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी और युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
