अखनूर में बेखौफ चोर! एक ही रात में 6 दुकानों के ताले टूटे, सिगरेट, राशन, पीतल तक ले गए; पुलिस के हाथ अभी भी खाली
अखनूर के पन्नू चौक और दसकाल इलाकों में छह दुकानों में चोरी की वारदातों से व्यापारियों में भारी रोष है। ...और पढ़ें
-1787209023548_m.webp)
अखनूर में लगातार चोरी की वारदातों से व्यापारी परेशान।
HighLights
अखनूर में छह दुकानों में चोरी की वारदातें हुईं।
चोरों ने पीतल, तांबा, नकदी और अन्य सामान चुराया।
सीसीटीवी में संदिग्ध कैद, पुलिस जांच में जुटी है।
जागरण संवाददाता, अखनूर। अखनूर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार रात पन्नू चौक, दसकाल और आसपास के इलाकों में चोरों ने करीब छह दुकानों को निशाना बनाया। कई दुकानों के ताले तोड़कर चोर पीतल, तांबा, नकदी, सिगरेट, राशन और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। वारदात के करीब 2 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अभी तक कोई आरोपी नहीं लगा है, जिससे व्यापारियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पन्नू चौक और दसकाल इलाके में कबाड़ की करीब चार दुकानों के ताले तोड़े गए। चोर दुकानों से पीतल, तांबा और नकदी लेकर फरार हो गए। पन्नू चौक स्थित एक कबाड़ की दुकान में चोरी करने वाला संदिग्ध मंगलवार तड़के करीब तीन बजे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में संदिग्ध दुकान के आसपास घूमता नजर आया। इसके बावजूद अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
दसकाल स्थित चाय की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। ताला तोड़कर दुकान से सिगरेट, राशन, अंडे और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली गई। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को चोरी का पता चला। इससे पहले अखनूर बस स्टैंड स्थित चाय की दुकान में भी चोरी की वारदात हो चुकी है, जहां से चोर नकदी लेकर फरार हो गए थे।
गल्ले और मंदिर में रखी नकदी चोरी
इसी तरह रविवार रात मिलिट्री अस्पताल मांडा के सामने स्थित हेल्थ एंड मसल स्टोर में भी चोरों ने गल्ले और मंदिर में रखी नकदी के साथ दुकान के उद्घाटन पर मिले शगुन की रकम चोरी कर ली थी। दुकान मालिक आदित्य के अनुसार, चोरों ने लैपटॉप और महंगे उत्पादों को हाथ तक नहीं लगाया।
आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग
व्यापारी अरवनी शर्मा, अरवनी गुप्ता और रवि कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि पन्नू चौक, दसकाल और मांडा जैसे क्षेत्र अखनूर के मुख्य बाजार से अधिक दूर नहीं हैं। इसके बावजूद लगातार चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध युवकों पर नजर रखने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाशी अभियान
थाना प्रभारी अखनूर इंस्पेक्टर सुशील चौधरी ने बताया कि पुलिस की ओर से चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों से मिली फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के साथ विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रात की गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।कि पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द से जल्द चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है
