अमृतसर जालंधर के स्कूलों व फिरोजपुर अदालत को बम धमकी, ईमेल से हड़कंप; पुलिस ने खाली कराए परिसर
अमृतसर और जालंधर के स्कूलों तथा फिरोजपुर की अदालत को ईमेल से बम धमकी मिली। प्रशासन ने तुरंत परिसर खाली ...और पढ़ें
HighLights
अमृतसर, जालंधर के स्कूलों और फिरोजपुर अदालत को बम धमकी।
ईमेल के जरिए मिली धमकी, परिसर खाली कराए गए।
खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अमृतसर और जालंधर के कई स्कूलों के साथ-साथ फिरोजपुर की जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के माध्यम से संबंधित संस्थानों को भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
अमृतसर के श्री राम आश्रम सीनियर सेकेंडरी स्कूल को मिली धमकी के बाद सबसे पहले वहां कार्रवाई की गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर पूरे स्कूल परिसर को खाली करवा लिया गया। बच्चों को सुरक्षित उनके अभिभावकों के साथ घर भेजा गया। स्कूल प्रबंधन से जुड़ी अध्यापिकाओं ने बताया कि धमकी की सूचना मिलते ही तुरंत प्रशासन को सूचित किया गया।
इसी तरह जालंधर में भी डीपीएस स्कूल, मायर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को धमकी भरे ईमेल मिले। इन स्कूलों में भी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई और आवश्यक कदम उठाए गए। प्रशासन ने सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें- पंजाब के फिरोजपुर कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, आनन-फानन में खाली करवाया गया पूरा कॉम्प्लेक्स

भेजे गए धमकी भरे ईमेल।
अदालत परिसर खाली करवाया गया
वहीं फिरोजपुर की जिला अदालत को भी इसी प्रकार की धमकी मिलने के बाद सोमवार सुबह अदालत परिसर को खाली करवा लिया गया। जैसे ही वकील और कर्मचारी रोजाना की तरह अदालत पहुंचे, करीब सवा नौ बजे अचानक परिसर खाली करने के आदेश दिए गए। इसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
अधिवक्ता रोहित अरोड़ा और अर्शदीप सिंह रंधावा ने बताया कि दो महीनों के भीतर यह दूसरी बार है जब अदालत को इस तरह की धमकी मिली है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
यह भी पढ़ें- पटियाला में 50 युवकों ने सड़क पर मचाया हुड़दंग, रील बनाने के लिए खुलेआम तलवारें और गंडासी लेकर निकले
केजरीवाल व सीएम मान के नाम धमकी
बताया जा रहा है कि कुछ धमकी भरे संदेशों में खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम भी सामने आया है, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान और नेता अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाने की बात कही गई है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। अमृतसर, जालंधर और फिरोजपुर सहित पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
यह भी पढ़ें- राघव चड्ढा के प्रमुख मुद्दे AAP की बढ़ा सकते हैं मुश्किल, सामने आए नए वीडियो में कितना है दम?
