लोहड़ी व गणतंत्र दिवस से पहले अमृतसर बस स्टैंड पर सख्त सुरक्षा जांच, चाइना डोर रोकने को विशेष अभियान तेज
अमृतसर में लोहड़ी और गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। एसीपी अनुभव जैन के नेतृत्व ...और पढ़ें

अमृतसर बस स्टैंड पर चैकिंग करते हुए पुलिस टीम।
HighLights
लोहड़ी, गणतंत्र दिवस से पहले अमृतसर में सुरक्षा अलर्ट।
बस स्टैंड पर यात्रियों, सामान की सघन तलाशी अभियान।
चाइना डोर की बिक्री, उपयोग पर सख्त कार्रवाई जारी।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। लोहड़ी और गणतंत्र दिवस से पहले अमृतसर में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। संभावित भीड़भाड़ और त्योहारों की संवेदनशीलता को देखते हुए शहर के मुख्य बस स्टैंड पर सोमवार को व्यापक सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान एसीपी अनुभव जैन की अगुवाई में थाना रामबाग पुलिस और बस स्टैंड पुलिस चौकी की टीमों द्वारा संचालित किया गया। जिसके तहत हर यात्री और उनके सामान की बारीकी से तलाशी ली गई।
एसीपी अनुभव जैन ने बताया कि माननीय डीजीपी पंजाब एवं कमिश्नर ऑफ पुलिस अमृतसर के निर्देशों पर यह विशेष सुरक्षा जांच चलाई जा रही है। त्योहारों और 26 जनवरी को देखते हुए भीड़ वाले स्थलों पर किसी भी संभावित खतरे को रोकना पुलिस की शीर्ष प्राथमिकता है। इसलिए बस स्टैंड, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नाकाबंदी, हाई-रिज़ॉल्यूशन रिकॉर्डिंग और पैदल गश्त को भी बढ़ाया गया है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में भवन दुरुपयोग नोटिसों की वैधता पर उठे सावल, सेकेंड इनिंग्स एसोसिएशन ने शुरू किया फैक्ट-चेक अभियान

बस स्टैंड पर मौजूद लोगों की चैकिंग करते हुए पुलिस।
चाइना डोर बिक्री पर भी सख्त कार्रवाई
उन्होंने बताया कि सुरक्षा अभियान के साथ-साथ चाइना डोर की बिक्री और उपयोग पर भी सख्त कार्रवाई जारी है। एसीपी जैन के अनुसार, सभी दुकानों को यह स्पष्ट आदेश दिया गया है कि प्रतिबंधित चाइना डोर की बिक्री न की जाए। पुलिस टीमों ने दुकानदारों से बातचीत करके उन्हें चेतावनी दी है और मौके पर कई स्थानों पर चेकिंग भी की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं चाइना डोर बिकती दिखे या इसका उपयोग होते दिखे, तो तुरंत नजदीकी थाना या बस स्टैंड पुलिस चौकी को सूचना दें।
यह भी पढ़ें- अमृतसर होटल में NRI महिला की हत्या, पति फरार; चरित्र शक और विवाद को लेकर परिवार का आरोप
बस स्टैंड पर एआरपी टीम तैनात
एसीपी जैन ने बताया कि बस स्टैंड पर एंटी राइट्स टीम (एआरपी) की एक टीम पहले से तैनात है और सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एक अतिरिक्त टीम को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। दोनों टीमें पूरे दिन सख्त निगरानी और तलाशी अभियान चलाती रहेंगी।
अंत में उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि लोहड़ी और गणतंत्र दिवस को शांति, भाईचारे और जिम्मेदारी के साथ मनाएं, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें।
यह भी पढ़ें- गुरदासपुर में टूटा ठंड का 8 साल पुराना रिकॉर्ड, पारा 2 डिग्री तक लुढ़का; बुजुर्ग-बच्चों को डॉक्टरों की चेतावनी
