हरियाणा के सीएम मनोहर लाल मेदांता से डिस्चार्ज, कोरोना से संक्रमित होने के बाद हुए थे भर्ती
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। कोरोना से संक्रमित होने के बाद मुख्यमंत्री मेदांता में भर्ती हुए थे।
गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को मेदांता अस्पताल से बृहस्पतिवार को छुट्टी मिल गई। मुख्यमंत्री दोपहर बाद 3.40 बजे अस्पताल से निकले और पीडब्ल्यूडी रेस्टहाउस में पहुंचे। बताया जा रहा वह अभी यही रुकेंगे। कोरोना से संक्रमित होने के बाद मुख्यमंत्री मेदांता में भर्ती हुए थे। अब वह बिल्कुल स्वस्थ हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मनोहर लाल 25 अगस्त देर रात को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी थी। इसके बाद अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। बताया जा रहा है कि अब वह बिल्कुल ठीक हैं और उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नही है।
विधायक मिड्ढा को छुट्टी, जगबीर मलिक भर्ती
वहीं, जींद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा को बुधवार शाम अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वह कोरोना संक्रमित होने के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए थे। इधर, गोहाना से कांग्रेस पार्टी के विधायक जगबीर सिंह मलिक कोरोना पॉजिटिव होने के बाद बुधवार रात मेदांता में भर्ती हो गए। उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वहीं, हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उच्च शिक्षा के महानिदेशक के निजी सचिव की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर शिक्षा सदन दो दिन के लिए बंद कर दिया है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 6 सितंबर को भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पुत्र कांग्रेसी नेता और राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री की जांच की कई थी। वहीं, दीपेंद्र हुड्डा मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं और उनका स्वास्थ्य पहले से बेहतर बताया जा रहा है। दीपेंद्र के संपर्क में रहने वाले कई कांग्रेसी नेताओं ने जांच कराई तो उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
बता दें कि गुरुग्राम जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 13986 हो चुकी है और 11988 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या 140 हो चुकी है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो