Baroda Bypoll 2020: विपक्ष को घेरने के लिए भाजपा ने बनाई रणनीति, तैयार किया विकास कराने का खाका
Baroda Bypoll 2020 भाजपा ने विकास के मुद्दे पर ही अपने विरोधियों को घेरने की रणनीति बनाई है। भाजपा ने बरोदा हलका में इंडस्ट्रियल माडल टाउनशिप (आइएमटी) राइस मिल जैसे बड़े प्रोजेक्ट स्थापित करने की घोषणा की है।
गोहाना (सोनीपत) [परमजीत सिंह]। भाजपा बरोदा हलका के उप चुनाव में विकास के मुद्दे पर ही विरोधियों को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा ने हलके के गांवों में विकास कराने का खासा तैयार किया है। खासा भी ऐसा तैयार किया, जिससे बरोदा हलका का कोई हिस्सा विकास से अछूता न रहे। भाजपा नेता गांवों में पहुंच कर हलके के लोगों को विश्वास दिला रहे हैं कि अगर उपचुनाव में उन्होंने सरकार में हिस्सेदारी की तब विकास की परियोजनाओं को सिरे चढ़ाने से कोई नहीं रोक पाएगा।
बरोदा हलका का उपचुनाव धीरे-धीरे चौधर के नारे से दूर हटता जा रहा है और विकास का मुद्दा हावी होता जा रहा है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा जब मुख्यमंत्री थे तब बरोदा के चुनाव में विकास के साथ राजनीति चौधर का मुख्य मुद्दा होता था। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा 1 अक्टूबर को गोहाना आए थे। तब उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पाटी विकास के मुद्दे पर ही बरोदा उपचुनाव लड़ेगी।
भूपेंद्र हुड्डा ने अपने कार्यकाल में बरोदा में हुए विकासकार्यों की सूची जारी की थी और भाजपा पर छह साल में बरोदा की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। हुड्डा ने कहा था कि भाजपा के नक्शे से छह साल तक बरोदा विकास के लिए गायब रहा। 4 अक्टूबर को इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने भी गोहाना में कार्यकर्ता सभा की थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा और भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार पर बरोदा की विकास में अनदेखी का आरोप लगाया था। चौटाला ने इनेलो सरकार के कार्यकाल में बरोदा-गोहाना में हुए काम भी गिनवाए थे।
भाजपा ने विकास के मुद्दे पर ही अपने विरोधियों को घेरने की रणनीति बनाई है। भाजपा ने बरोदा हलका में इंडस्ट्रियल माडल टाउनशिप (आइएमटी), राइस मिल जैसे बड़े प्रोजेक्ट स्थापित करने की घोषणा की है। भाजपा ने बरोदा के विकास के लिए जो खाका तैयार किया है उसमें बरोदा हलका के मुंडलाना बारहा में हैफेड का राइस मिल, बुटाना बारहा में जनता शिक्षण संस्थान को राजकीय विश्वविद्यालय बनाने, कथूरा बारहा में गांव कथूरा को उप तहसील बनाने, इसके साथ ही दूसरे गांवों में आइएमटी बनाने की योजना है।
ये भी पढ़ेंः हरियाणा के कृषि मंत्री ने किसानों को लेकर राहुल गांधी को दी चुनौती, 'पहले राजस्थान की चिंता करें'
भाजपा ने जो खासा तैयार किया है उससे बड़े प्रोजेक्टों के साथ पूरा बरोदा हलका कवर हो जाएगा। बुधवार को प्रदेश के कृषि मंत्री एवं भाजपा के बरोदा हलका के चुनाव प्रभारी जयप्रकाश दलाल ने भाजपा के समय बरोदा में हो रही कामों की सूची जारी की। उन्होंने आइएमटी, राइस मिल, राजकीय विश्वविद्यालय के प्रस्तावित प्रोजेक्टों के साथ जो सूची जारी की उसमें पेयजल व्यवस्था सुधारने पर 137 करोड़ रुपये, रोडों के सुधार के लिए 66 करोड़ और गांवों में विकास के लिए 65 करोड़ रुपये मंजूर करने का दावा किया गया।
इसके साथ ही गोहाना शहर के पश्चिमी बाईपास, गोहाना से जींद तक बनने वाले ग्रीन फील्ड हाईवे, दिल्ली से कटरा एक्सप्रेस-वे का भी जिक्र किया। भाजपा अगर प्रोजेक्टों को सिरे चढ़ा देगी तो निसंदेह ही बरोदा हलका के विकास के रास्ते खुल जाएंगे। भाजपा नेता विरोधियों को विकास के मुद्दे पर घेरने को मुखर हो चुके हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो