यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Poisonous Snake Jibe at PM Modi: जब-जब कांग्रेस ने पीएम मोदी पर किया निजी हमला, चुकानी पड़ी बड़ी कीमत
इतिहास गवाह है कि जब-जब पीएम मोदी पर कांग्रेस नेताओं ने निजी हमला किया है भाजपा को फायदा हुआ है जबकि कांग्रेस को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि कांग्रेस नेताओं पर इसका कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है।

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर दिए एक बयान पर फिर हंगामा मच गया है। खरगे ने कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी की तुलना जहरीले सांप से की। इससे पहले, उनके प्रधानमंत्री को रावण कहने वाले बयान पर भी काफी हंगामा मचा था। इतिहास गवाह है कि जब-जब कांग्रेस ने पीएम मोदी पर निजी टिप्पणी की है, तब-तब भाजपा को फायदा हुआ है। आइए विस्तार से जानते हैं...
2014- लोकसभा चुनाव
भाजपा 2014 में मोदी के चेहरे पर लोकसभा चुनाव लड़ रही थी। कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन लगातार 10 साल से सत्ता में थी। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने मोदी को चायवाला कहकर मजाक उड़ाया। इसका फायदा उठाते हुए भाजपा ने 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम शुरू किया, जिसका नतीजा यह हुआ कि केंद्र में भाजपा की बहुमत वाली सरकारी बनी और कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा।
2017- गुजरात विधानसभा चुनाव
गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को मौत का सौदागर बताया था। उनका यह बयान जनता को रास नहीं आया और भाजपा को बंपर जीत मिली। इससे पहले कहा जा रहा था कि इस बार राज्य में कांग्रेस का पलड़ा भारी है।
2019- लोकसभा चुनाव
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान 'चौकीदार चोर है' का नारा दिया था। इसको भी भुनाते हुए भाजपा ने 'मैं भी चौकीदार' अभियान चलाया, जिसे जनता का भी खूब समर्थन मिला और भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। वहीं, कांग्रेस को फिर से हार का सामना करना पड़ा।
2022- गुजरात विधानसभा चुनाव
मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी को रावण बताया था। यह जनता को रास नहीं आया और उसने राज्य में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाई। वहीं, कांग्रेस को महज 17 सीटों से संतोष करना पड़ा।
कांग्रेस ने पीएम मोदी को क्या-क्या कहा?
- जहरीला सांप
- रावण
- हिंदू जिन्ना
- जनरल डायर
- भोंपू और जेबकतरा
- गंदी नाली
- कायर
- औरंगजेब का अवतार
- क्रूर तानाशाह
- दुर्योधन
- मौत का सौदागर
- आतंकी
- हिटलर
- नीच आदमी
- राक्षण
- सबसे क्रूर प्रधानंत्री
- बंदर
- रंगा-बिल्ला
- नमक हराम
- नालायक बेटा
- चौकीदार चोर है
खरगे ने बयान पर दी सफाई
खरगे ने कर्नाटक के गदग जिले के रोन में एक रैली के दौरान पीएम मोदी की तुलना जहरीले सांप से की। उन्होंने कहा, ‘गलती मत कीजिए। मोदी जहरीले सांप की तरह हैं। अगर आप कहते हैं कि वह जहरीले नहीं हैं तो छूकर देखिए, पता चल जाएगा। अगर आप छूएंगे तो मर जाएंगे।’ हालांकि, जब विवाद बढ़ा तो उन्होंने यह कहकर स्पष्टीकरण दिया कि वह भाजपा को सांप और उसकी विचारधारा को जहर बता रहे थे। बाद में उन्होंने ट्वीट कर अपने बयान के लिए माफी भी मांगी।