राहुल गांधी के घर होगी 'चाय पर चर्चा', इंडी ब्लॉक के नेताओं संग नई रणनीति पर होगा मंथन
इंडी गठबंधन के नेता आज राहुल गांधी के आवास पर 'चाय पर चर्चा' करेंगे, जहाँ वे वोट चोरी और चुनावी गड़बड़ियों के आरोपों पर संयुक्त रणनीति बनाएंगे।

इंडी गठबंधन बनाएगा आगे की रणनीति (फोटो - PTI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वोट चोरी और चुनाव में गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर आक्रामक रुख अपनाते हुए इंडी गठबंधन के नेता आज यानी मंगलवार को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने आवास (5, सुनहरी बाग रोड) पर विपक्षी सांसदों, नागरिक समाज के सदस्यों और छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों को चाय पर बुलाया।
सूत्रों का कहना है कि गांधी के घर पर होने वाली चाय बैठक में वोट चोरी के खिलाफ संयुक्त विरोध प्रदर्शन की रणनीति और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। लेकिन इस योजना की जानकारी अभी गुप्त रखी गई है।
दरअसल, सोमवार को भेजे गए निमंत्रण में लिखा था, 'मंगलवार दोपहर इंडी गठबंधन के नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसके बाद चाय होगी। मैं आपको मंगलवार, 13 अक्टूबर को शाम 4:00 बजे नई दिल्ली में 5, सुनहरी बाग रोड स्थित अपने घर पर आने के लिए आमंत्रित करता हूं।'
बता दें कि राहुल गांधी विपक्षी नेताओं के साथ चाय पर चर्चा उन घटनाओं के बाद करने जा रहे हैं, जब इंडी गठबंधन के नेताओं ने कार्यकर्ताओं और सिविल सोसाइटी के सदस्यों के साथ मिलकर भारी बैरिकेडिंग वाले रास्ते पर लोकतंत्र के लिए मार्च निकाला और राष्ट्रीय राजधानी में अपनी ताकत दिखाते हुए SIR और चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ संयुक्त याचिका दायर की।
इस दौरान झंडे और पोस्टर लिए लोगों की भारी भीड़ मध्य दिल्ली के कनॉट प्लेस में जमा हुई। इस मार्च में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरेगे, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, TMC प्रमुख ममता बनर्जी, CPI के डी. राजा, CPI-M नेता एम. ए. बेबी, RJD के तेजस्वी यादव और NCP-SCP नेता सुप्रिया सुले जैसे नेता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने भगवान दास रोड पर एक बैरिकेड तो पार कर लिया, लेकिन उन्हें सड़क पर दूसरे बैरिकेड पर रोक दिया गया। बाद में, इंडी गठबंधन के शीर्ष नेता अपनी याचिका दायर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट गए। इस याचिका में भारत के चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी को पक्षकार बनाया गया है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
