अगले कुछ दिनों में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर, कल फिर है सोनिया गांधी के साथ बैठक
प्रशांत किशोर ने 18 अप्रैल को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। उन्होंने 16 अप्रैल को भी सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। किशोर के प्रस्ताव का मूल्यांकन कर कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रही है।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ दो दिनों की बातचीत के बाद चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर अगले कुछ दिनों में पार्टी में शामिल हो सकते हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ के सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के नेता अभी भी संगठन को मजबूत करने के लिए उनके द्वारा प्रस्तुत की गई लगभग 600 स्लाइडों की जांच कर रहे हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी एक बार फिर शुक्रवार को प्रशांत किशोर के साथ बातचीत करेंगी।
चुनावी रणनीतिकार के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआइ को बताया कि वह अगले तीन से चार दिनों में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने की बात सिर्फ सोनिया गांधी और प्रशांत किशोर के बीच है।
साथ ही सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस प्रमुख द्वारा गठित समिति का किशोर के पार्टी में शामिल होने के संबंध में कुछ नहीं कहना है। पार्टी के नेताओं ने प्रशांत किशोर द्वारा दी गई प्रेजेंटेशन का एक हिस्सा देखा है। किशोर द्वारा कांग्रेस को प्रेजेंटेशन की 600 स्लाइडें दी गईं हैं। अब तक पूरी स्लाइडें किसी ने भी नहीं देखा है।
प्रशांत किशोर ने 2024 के आम चुनावों के लिए रोड मैप तैयार करने का दिया प्रेजेंटेशन
बता दें कि प्रशांत किशोर ने 18 अप्रैल को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। उन्होंने 16 अप्रैल को भी सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। किशोर के प्रस्ताव का मूल्यांकन कर कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। इससे पहले राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि किशोर ने 2024 के आम चुनावों के लिए एक रोड मैप के साथ एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दी थी। सवालों के जवाब में उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी में किशोर की भूमिका एक सप्ताह के भीतर पता चल जाएगी।
सूत्रों ने पहले एएनआइ को बताया था कि किशोर ने अपने प्रेजेंटेशन में सुझाव दिया था कि कांग्रेस को उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अकेले लड़ना चाहिए और उसे तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में गठबंधन बनाना चाहिए। प्रशांत किशोर के इस सुझाव पर राहुल गांधी सहमत हो गए हैं।
आम चुनाव में कांग्रेस को 370 सीटों पर देना चाहिए ध्यान
पार्टी के बड़े नेताओं के साथ हुई बैठक में किशोर ने कहा था कि कांग्रेस को 2024 के आम चुनावों के लिए 370 लोकसभा क्षेत्रों पर ध्यान देना चाहिए। ये बैठकें इस साल गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की चुनावी तैयारियों की पृष्ठभूमि में भी हो रही हैं।
बिना किसी शर्त के कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं प्रशांत किशोर, पार्टी को मदद मिलेगी
कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर ने प्रशांत किशोर को एक प्रमाणित ब्रांड बताते हुए गुरुवार को कहा कि चुनावी रणनीतिकार बिना किसी पूर्व शर्त के पार्टी में शामिल होने के इच्छुक हैं और उनके शामिल होने से निश्चित रूप से पार्टी को मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी वरिष्ठ नेताओं को विश्वास में लेना चाहती हैं और इस बारे में उनकी राय लेना चाहती हैं कि किशोर का पार्टी में आने से फायदेमंद होगा या नहीं। इसके बाद ही सोनिया गांधी बहुप्रतीक्षित मामले पर निर्णय लेना चाहती हैं।