Maharashtra Election 2019: NCP ने चुनाव आयोग से की मांग, कहा- महाराष्ट्र में बंद किया जाए इंटरनेट
एनसीपी ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि पूरे महाराष्ट्र में 21 से 24 अक्टूबर तक पोलिंग बूथ और स्ट्रॉन्ग रूम के पास तीन किलोमीटर तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी जाए।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र में सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हैं। चुनाव में गड़बड़ियों को रोकने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। एनसीपी ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि पूरे महाराष्ट्र में 21 से 24 अक्टूबर तक पोलिंग बूथ और स्ट्रॉन्ग रूम के पास तीन किलोमीटर तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी जाए। ताकि, पोलिंग बूथ में कोई गड़बड़ी ने की जा सके।
महाराष्ट्र की 288 सीटों के लिए 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 24 अक्टूबर को मतों की गणना होगी। इसी लिए एनसीपी ने चार दिनों तक पोलिंग बूथ के आसपास इंटरनेट सेवा बंद किए जाने को लेकर चुनाव आयोग को पत्र लिखा है।
121 सीटों पर चुनाव लड़ रही NCP
मालूम हो कि महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा- शिवसेना गठबंधन और कांग्रेस-NCP के बीच है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बसपा ने सबसे ज्यादा 262 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। सत्ताधारी भाजपा 164 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हालांकि भाजपा के चुनाव चिन्ह पर 14 गठबंधन उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी 16 और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी आठ सीटों पर लड़ रही है। इसी तरह कांग्रेस 147, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना 101 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) 121 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, शिवसेना भाजपा गठबंधन के साथ 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
गौरतलब है कि चुनाव के दौरान पोलिंग बूथ में कई गड़बड़ियां सामने आती हैं। वहीं, कई जगहों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत रहती है। इसी के चलते वोटिंग से लेकर चुनावी नतीजों तक एनसीपी ने पोलिंग बूथ के आस पास इंटरनेट सेवा बंद किए जाने की मांग रखी है।
यह भी पढ़ें: सेना प्रमुख का बड़ा बयान, मारे गए 6-10 पाक सैनिक, 3 आतंकी कैंप पूरी तरह तबाह
यह भी पढ़ें: छह सीटर स्वदेशी प्रायोगिक विमान बनाने वाले कैप्टन अमोल यादव पीएम मोदी से मिले