'प्रोटोकॉल का नहीं हुआ उल्लंघन', राष्ट्रपति के कार्यक्रम में अव्यवस्था से ममता ने झाड़ा पल्ला, बताया निजी कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के बंगाल दौरे में प्रोटोकॉल उल्लंघन के आरोपों को सिरे से खारिज किया ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के बंगाल दौरे में प्रोटोकॉल के उल्लंघन और कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था के आरोपों पर घमासान के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को स्पष्ट कहा कि प्रोटोकॉल का कोई उल्लंघन नहीं हुआ है। ममता ने कोलकाता के धर्मतल्ला में धरना मंच से कहा कि राष्ट्रपति एक निजी कार्यक्रम के लिए बंगाल आई थी और इसमें बंगाल सरकार शामिल नहीं थी।
ममता ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि बंगाल में राष्ट्रपति के कार्यक्रम में कुप्रबंधन के लिए निजी आयोजक और केंद्र सरकार के अधीन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया जिम्मेदार है। ममता ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम का आयोजन एक निजी संगठन ने किया था और इसमें राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं थी।
निजी आयोजक और एयरपोर्ट अथॉरिटी पर डाली जिम्मेदारी
उन्होंने दावा किया कि निजी आयोजक ने राज्य सरकार को राष्ट्रपति के कार्यक्रम के विवरण या कोई जानकारी भी नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद राज्य सरकार की ओर से सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब वहां मौजूद थे। ममता ने कहा कि जहां यह कार्यक्रम हुआ यह क्षेत्र एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे में अगर वहां कुछ भी बुरा हुआ है या कुप्रबंधन तो इसकी जिम्मेदारी निजी आयोजक और एयरपोर्ट अथॉरिटी की है।
ममता ने कहा कि हम राष्ट्रपति की कुर्सी और संविधान का पूरा सम्मान करते हैं। हमारा संविधान हमारी मां जैसा है और हम कभी भी कुर्सी का अपमान नहीं करते। भाजपा व केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए ममता ने दावा किया कि सामने विधानसभा चुनाव है, इसलिए इस तरह के आरोप लगाकर बंगाल को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा और बदनाम किया जा रहा है।
ममता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा राष्ट्रपति का अपमान मैं नहीं बल्कि पीएम कर रहे हैं। ममता ने इस दौरान प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति एक पुरानी तस्वीर भी दिखाई। यह तस्वीर पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देते वक्त की है, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मु आडवाणी को भारत रत्न प्रदान कर रही हैं और पीएम मोदी कुर्सी पर बैठे दिख रहे हैं। ममता ने यह पुरानी तस्वीर दिखाते हुए घेरा।
